पुणे संभाग में कोरोना से मरनेवालों की संख्या हुई 15 हजार

अब तक मिले 5.35 लाख संक्रमित; 5.5 लाख ने दी महामारी को मात

पुणे। महामारी कोरोना के दूसरे दौर की संभावनाओं के बीच पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) में कोरोना से मरनेवालों की संख्या 15 हजार तक पहुंच गई है। संभाग में अब तक 28 लाख 66 हजार 934 लोगों की टेस्ट की गई है। उनमें से अब तक 5 लाख 35 हजार 760 लोग संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 5 लाख 5 हजार 508 मरीजों ने महामारी को मात दी है। फिलहाल 15 हजार 248 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 15 हजार 3 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। संभाग का रिकवरी रेट 94.35 व डेथ रेट 2.80 फीसदी दर्ज हुआ है।

संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग में जहाँ संक्रमितों की संख्या सवा 5 लाख पार कर गई है वहीं 5 लाख से ज्यादा लोगों ने महामारी को मात दी है। संभाग में मंगलवार को 1192 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के 743, सातारा जिले के 207, सोलापुर जिले के 145, सांगली जिले के 42 और कोल्हापुर जिले के 55 मरीज शामिल हैं। गत 24 घँटे के भीतर महामारी के 853 नए मरीज मिले हैं। अकेले पुणे जिले के 531 मरीजों के अलावा सातारा में 88, सोलापुर में 179, सांगली में 20 और कोल्हापुर जिले में 20 नए संक्रमित मरीज मिले हैं।

पुणे जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा संख्या 3 लाख 42 हजार 901 तक पहुंच गया है, जिसमें से 3 लाख 23 हजार 220 मरीज महामारी को मात देकर अस्पताल से घर लौटने में सफल रहे हैं। फिलहाल जिले के अस्पतालों में 11 हजार 373 मरीजों इलाज जारी है। अब तक 8307 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 2.42 फीसदी दर्ज हुआ है जबकि रिकवरी रेट 94.26 फीसद रह गया है।पुणे के बाद कोरोना के सर्वाधिक मरीज सातारा जिले में मिल रहे हैं जहां संक्रमितों का आंकड़ा 51 हजार 147 हो गया है। इसमें से 48 हजार 587 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1718 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 842 मरीजों का इलाज जारी है।

संभाग में शामिल सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 45 हजार 869 हो गई है। इसमें से 42 हजार 83 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 1601 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 2185 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 46 हजार 783 हो गया है। इसमें से 44 हजार 635 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1697 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 451 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 49 हजार 60 संक्रमितों में 1679 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 46 हजार 983 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। फिलहाल 398 मरीजों का इलाज चल रहा है।