पुणे जिले में कोरोना से मरनेवालों की संख्या 9000 तक पहुंची

एक दिन में 1373 संक्रमित स्वस्थ होकर लौटे घर; नए से मिले 443 मरीज

पुणे। पुणे जिले में महामारी कोरोना की चपेट में आकर मरनेवालों की संख्या 9 हजार तक पहुंच गई है। शनिवार को और 1373 संक्रमित महामारी को मात देकर अस्पताल से घर लौट गए। वहीं नए से 443 संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में आज महामारी कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख 88 हजार 299 तक पहुंच गया है, जिसमें से 3 लाख 74 हजार 560 मरीज महामारी को मात देकर अस्पताल से घर लौटने में सफल रहे हैं। फिलहाल जिले के अस्पतालों में 4739 मरीजों का इलाज जारी है। अब तक 9000 मरीजों की मौत दर्ज हुई है।

पुणे संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) में आज कोरोना महामारी से संक्रमित मरीजों की संख्या 5.94 लाख पार हो गई है। संभाग में अब तक 37 लाख 63 हजार 875 लोगों की टेस्ट की गई है। उनमें से अब तक 5 लाख 94 हजार 604 संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 5 लाख 72 हजार 336 मरीजों ने महामारी को मात दी है। फिलहाल 6168 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 16 हजार 100 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। संभाग में रिकवरी रेट 96.25 व डेथ रेट 2.71 फीसदी दर्ज हुआ है। वहीं पुणे जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 2.32 फीसदी दर्ज हुआ है जबकि रिकवरी रेट 96.46 फीसद रह गया है।

पुणे संभाग में आज कुल 1477 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 1373 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा सातारा जिले के 32, सोलापुर जिले के 59, सांगली जिले के 7 और कोल्हापुर जिले के 6 मरीज शामिल हैं। वहीं गत 24 घँटे के भीतर महामारी के 575 नए मरीज मिले हैं। अकेले पुणे जिले के 443 मरीजों के अलावा सातारा में 68, सोलापुर में 35, सांगली में 13 और कोल्हापुर जिले में 16 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। सातारा जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 56 हजार 591 हो गया है। इसमें से 54 हजार 142 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1819 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 630 मरीजों का इलाज जारी है।

सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 51 हजार 564 हो गई है। इसमें से 49 हजार 188 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 1802 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 573 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 48 हजार 162 हो गया है। इसमें से 46 हजार 288 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1752 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 122 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 49 हजार 989 संक्रमितों में 1727 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 48 हजार 158 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। फिलहाल 104 मरीजों का इलाज चल रहा है।