पुणे जिले में कोरोना से मरनेवालों का आंकड़ा 11 हजार पार

अब तक पौने छह लाख मरीजों ने दी महामारी को मात
पुणे। बीते दिन मामूली गिरावट के बाद पुणे जिले में 24 घँटे के भीतर 9956 नए मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि इन 24 घँटों में 8175 लोग कोरोना मुक्त होकर अस्पताल से घर लौट गए हैं।  शुक्रवार को जिले में कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा 6 लाख 85 हजार 970 तक पहुंच गया है, जिसमें से 5 लाख 76 हजार 177 मरीज अस्पताल से घर लौट गए हैं। फिलहाल अस्पतालों में 98 हजार 782 मरीजों का इलाज जारी है। अब तक 11 हजार 11 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 1.61 फीसदी और रिकवरी रेट 83.99 फीसद दर्ज हुआ है।
अगर हम बात करें पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) की तो यहां पर आज संक्रमितों का आंकड़ा 9 लाख 53 हजार 273 तक पहुंच गया है। संभाग में अब तक कुल 57 लाख 28 हजार 695 लोगों की टेस्ट की गई है। अब तक 8 लाख 6 हजार 647 मरीजों ने कोरोना मुक्त हुए हैं। फिलहाल एक लाख 27 हजार 681 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 18 हजार 945 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। संभाग का रिकवरी रेट 84.62 फीसदी व डेथ रेट 1.99 फीसदी दर्ज हुआ है।
पुणे के संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग में बीते 24 घँटे के भीतर कोरोना के 13 हजार 427 नए मरीज मिले हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 9956 मरीज शामिल है। इसके अलावा सातारा में 1184, सोलापुर में 1073, सांगली में 921 और कोल्हापुर जिले में 293 नए संक्रमित मरीजों का समावेश है। राहत की बात है कि संभाग में आज कुल 9989 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के 8175, सातारा जिले के 464, सोलापुर जिले के 1002, सांगली जिले के 245 और कोल्हापुर जिले के 103 मरीज शामिल हैं।
पुणे से सटे सातारा जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 77 हजार 712 हो गया है। इसमें से 65 हजार 99 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1988 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 10 हजार 625 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 75 हजार 488 हो गई है। इसमें से 63 हजार 458 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 2213 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 9817 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 58 हजार 420 हो गया है। इसमें से 51 हजार 3 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1889 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 5528 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 55 हजार 683 संक्रमितों में 1844 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 50 हजार 910 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। अभी 2929 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।