मामूली वजह के चलते डॉक्टर पर जानलेवा हमला

पुणे : समाचार ऑनलाइन – मामूली वजह के चलते तीन युवकों ने डॉक्टर पर धारदार हथियार से आंख और पीठ पर वार किए जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना हड़पसर परिसर में सामने आई। घटना को लेकर पुलिस ने तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि डॉ. सतीश वानखेड़े घायल हुए है। घटना को लेकर पुलिस ने योगेश हानमने, रितेश जाधव और अविनाश गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है। उन पर हड़पसर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है।

शनिवार को डॉ. वानखेडे एअर पोर्ट पर बहन को छोड़ लौट रहे थे। उनके साथ उनके दोस्त अक्षय जाधव भी थे। दोनों दुपहिया से कोरेगांव पार्क-मुंढवा चौराहे से निकले हुए थे। उस समय सामने से अचानक एक कार आई। डॉ. वानखेड़े बाल बाल बचे। कार में हमलावर बैठे हुए थे। डॉ. वानखेड़े ने उन्हें फटकारा और आगे चले गए। इस बात से गुस्साए तीनों ने डॉ. वानखेड़े का पीछा कर उन्हें रोका और उनकी आंख और पीठ पर धारदार हथियार से वार किए। उनके दोस्त ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची और हमलावरों को गिरफ्तार किया।