बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान…अगले 24 घंटों में चेन्नई और पुड्डुचेरी में हो सकती है भारी बारिश

चेन्नई. ऑनलाइन टीम देश का मौसम कई आयामों से गुजर रहा है। पहाड़ी प्रदेशों में बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते समीपवर्ती प्रदेशों में धुंध में लिपटी सुबह होती है, तो मैदानी इलाके अभी भी तापमान की जद में हैं। यहा पारा अभी 30 डिग्री के ऊपर मंडरा रहा है। हलांकि मौसम विभाग की मानें तो देश भर में गुलाबी ठंड शुरू हो चुकी है। इस बीच, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम हवा के दबाव की वजह से अगले 24 घंटे में चक्रवाती तूफान आने की आशंका है। इसके तमिलनाडु और पुदुचेरी की ओर बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार यह 25 नवंबर की दोपहर तक करईक्कल और मामल्लपुरम से गुजर सकता है। हवा का यह कम दबाव पुदुचेरी से 600 किलोमीटर और चेन्नै से 630 किलोमीटर दूर है।

बता दें कि इससे पहले रविवार को मौसम विभाग ने आगाह किया था कि दक्षिण पश्चिम अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान ‘गति’ ‘बहुत गंभीर’ कैटिगरी का है। यह पश्चिम की ओर बढ़ा है।

इसके चलते तमिलनाडु के तटवर्ती जिलों में अधिकांश जगहों पर मूसलाधार वर्षा के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। स्थानीय तौर पर बाढ़ की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।  आंध्र प्रदेश में बारिश की गतिविधियां सबसे ज्यादा 25 और 26 नवंबर को होंगे। चेन्नई और पुडुचेरी में भारी वर्षा होने की संभावना 25 और 26 नवंबर को है। तमिलनाडु के अंदरूनी हिस्सों में मध्यम से तेज वर्षा की संभावना है। दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय भागों और रायलसीमा में भी 23 नवंबर से 26 नवंबर के बीच इन भागों में कई स्थानों पर व्यापक वर्षा हो सकती है।