Coronavirus : एक बार फिर बंद हो सकती है मुंबई लोकल!

मुंबई : ऑनलाइन टीम – देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेज हो गया है। जिसमें महाराष्ट्र अभी नंबर 1 पर है। राज्य में कई जगहों पर लॉकडाउन की घोषणा भी हो चुकी है। हर दिन यहां हजारों की संख्या में नए  मामले सामने आ रहे है। हालही में नागपुर, परभणी, अकोला में लॉकडाउन की घोषणा की गई है। पुणे में हालांकि लॉकडाउन तो नहीं लगाया गया है, लेकिन प्रतिबंध कड़े कर दिए गए हैं और नाइट कर्फ्यू जारी रखा गया है।

इसी तरह पनवेल में 22 मार्च तक तो वाशम में 15 मार्च तक नाइट कर्फ्यू लागू है। जलगांव में आज (शुक्रवार) से रविवार तक जनता कर्फ्यू लागू है। कल्याण-डोंबिवली और नांदेड में भी कई तरह के प्रतिबंध लागू हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में पिछले 7 दिनों में सील होने वाली इमारतों में 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 9 मार्च तक कुल 229 इमारतें और 2762 मंजिलों को सील किया जा चुका है।

मुंबई में बढ़ते कोरोना संकट को देखते हुए मेयर किशोरी पेडणेकर ने आंशिक लॉकडाउन के संकेत दिए हैं। मुंबई में कोरोना रिटर्न्स का एक बड़ा कारण आम यात्रियों के लिए फिर से शुरू किए गए लोकल ट्रेनों को माना जा रहा है। इसलिए अगर कोरोना की बढ़ती हुई रफ्तार पर रोक नहीं लग सकी तो मेयर के मुताबिक लोकल ट्रेनें एक बार फिर बंद की जा सकती हैं।