पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद, मन में रंजिश रखकर एक की हत्या

कामशेत, 20 नवंबर पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में मन में नाराजगी पाल कर  दो लोगों ने मिलकर 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है।  यह घटना कामशेत शहर में सोमवार की शाम 7 बजे घटी।  इस मामले में शामिल दोनों आरोपियों को पुलिस सुराग लगाकर दो दिनों में गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में कामशेत पुलिस नाईक वैभव सपकाल ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मृत नाबालिग का नाम समीर बाबू शेख (उम्र 17, नि- पंचशील कॉलोनी, कामशेत ) है।  इस मामले में पुलिस ने साहिल सादिक शेख (उम्र 20, नि. सहारा कॉलोनी, कामशेत ) और अल्ताफ लतीफ़ सय्यद (उम्र 20, नि- दत्त कॉलोनी ) को गिरफ्तार किया है।
कामशेत पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर अरविंद चौधरी से मिली जानकारी के अनुसार समीर शेख का आरोपी साहिल शेख के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।  मां को लेकर गाली दिए जाने से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने मिलकर समीर शेख की सोमवार शाम मोटरसाइकिल पर बिठाकर कामशेत गांव की सीमा में पुराने मुंबई पुणे हाईवे के कामशेत खिंडी के पास स्थित छत्री पॉइंट मुस्लिम दफ़न भूमि के पीछे पहाड़ी पर लेकर गए।  वहां चाकू और पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।  कामशेत पुलिस को बुधवार को लोनावला ग्रामीण में दोनों आरोपियों के होने की जानकारी मिली।  इस जानकारी के आधार पर लोनावला ग्रामीण पुलिस की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया।  दोनों से पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया हैं। इस मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर पी पी कदम कर रहे है।