मुख्यमंत्री को शानदार तरीके से मिली बधाई

पिंपरी :समाचार ऑनलाइन – विधानसभा चुनाव में भारी सफलता प्राप्त करने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई देनेवालों का तांता लगा है। उसमें शामिल चिंचवड़ विधानसभा क्षेत्र से हैट्रिक करनेवाले भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप और भोसरी विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए महेश लांडगे द्वारा दी गई बधाई चर्चा का विषय बनी हुई है। विधायक लांडगे ने भगवान बजरंग बली की मूर्ति देकर मुख्यमंत्री को बधाई दी वहीं विधायक जगताप ने बजरंग बली के अस्त्र गदा देकर उन्हें शुभकामनाएं दी।

चुनाव जीतने के बाद पिंपरी चिंचवड़ शहर के इन दो कद्दावर नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री से की गई मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा का विषय है। पिछले विधानसभा चुनाव में इन दोनों ने पहली बार राष्ट्रवादी कांग्रेस का गढ़ समझे जाने वाले पिंपरी चिंचवड़ शहर में भाजपा का ‘कमल’ खिलाया है। हालांकि महेश लांडगे ने पिछला चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीता था, मगर बाद में वे भाजपा के सहयोगी सदस्य बने थे। पिंपरी चिंचवड़ मनपा से भी राष्ट्रवादी की सत्ता उखाड़ फेंकने का कारनामा इन महारथियों ने कर दिखाया। इसके बदले में उन्हें मंत्री पद मिलने की उम्मीद थी। मगर आखिरी क्षण में मावल के तत्कालीन विधायक बाला भेगड़े ने बाजी मार ली थी।

हालिया संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के दोनों विधायकों ने अपने गढ़ कायम रखे। नई सरकार में पिंपरी चिंचवड़ शहर के मंत्री पद का बैकलॉग पूरा होने की उम्मीद है। इस लिहाज़ से दोनों विधायकों व मुख्यमंत्री की मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। 26 अक्टूबर को विधायक महेश लांडगे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर उन्हें बजरंग बली की एक मूर्ति भेंट की। इसके दो दिन बाद विधायक लक्ष्मण जगताप ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें बजरंग बली का अस्त्र गदा भेंट कर उन्हें राज्य में भाजपा के सर्वाधिक विधायक चुनकर आने की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भी भारी लीड से जीतने को लेकर विधायक लांडगे और चिंचवड़ विधानसभा क्षेत्र से हैट्रिक करने के उपलक्ष्य में विधायक जगताप को बधाइयां दी।

visit : punesamachar.com