मौसम भ्रमित…उत्तर भारत में पड़ेगी 4 दिन कड़ाके की ठंड, तो दक्षिण में भारी बारिश की आशंका

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : बीते सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कई क्षेत्रों में गंभीर बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग का मानना है कि ठंड और शुष्क हवाओं के प्रसार के कारण न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में और गिरेगा। ऐसे में 15 जनवरी तक पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।  इसके ठीक उलट दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना है।

मौसम के इस अजीबो-गरीब तेवर से मौसम विभाग भी हैरान है। वैसे देश के लोग भी मौसम के बदले अंदाज से भ्रमित हैं। भारी बर्फबारी के बावजूद सर्दी अपने रंग में नहीं दिखी। मध्य भारत इसके असर से एकदम अछूता है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तर भारत के अन्य इलाकों में अगले 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। विभाग के मुताबिक, इस दौरान इन इलाकों में घना कोहरा भी छाया रह सकता है।

क्षेत्रीय मौसम विभाग चेन्नै के मुताबिक, 15 जनवरी तक बारिश, ओले गिरने और ब वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, ऐसा बंगाल की खाड़ी के ऊपर श्रीलंका तट से दूर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण होगा। जिसकी वजह से तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, माहे और केरल में इस दौरान जमकर बारिश होगी।