पंजाब, हरियाणा में बारिश से शीतलहर बढ़ी

चंडीगढ़, 14 जनवरी (आईएएनएस)| : पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश के कारण मंगलवार को शीतलहर बढ़ गई और यह बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि बारिश के बाद घने कोहरे वाली स्थिति वापस आ जाएगी।

पंजाब के पवित्र शहर अमृतसर में सबसे ज्यादा 27.6 मिलीमीटर बारिश हुई। यहां सोमवार के 10.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले मंगलवार को 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

12.8 मिलीमीटर बारिश के साथ लुधियाना का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के फरीदकोट और पटियाला में तापमान क्रमश: 4.4 डिग्री और 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अगले 24 घंटों में पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।

हरियाणा में, हिसार और नारनौल दोनों का तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अंबाला में यह 7.6 डिग्री, करनाल में आठ डिग्री और सिरसा में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अंबाला में 9.2 मिलीमीटर बारिश हुई।

चंडीगढ़ में 10.9 मिलीमीटर बारिश हुई और 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।