पंजाब, हरियाणा में शीतलहर जारी, बारिश के आसार

चंडीगढ़, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)| : पंजाब और हरियाणा भर में मंगलवार को शीतलहर जारी है। तापमान में मामूली वृद्धि के बावजूद कुछ स्थानों पर तापमान हिमांक बिंदु के करीब पहुंच गया। बुधवार को हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि हरियाणा के नारनौल और पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.3 डिग्री और 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, कुछ स्थानों पर घने कोहरे से थोड़ी राहत मिली, जो पिछले कुछ दिनों से पूरे इलाके में छाया हुआ है।

अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री से 4.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

हरियाणा सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि कड़ाके की ठंड के मद्देनजर उसके कार्यालयों का समय अब सुबह 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा, जो पहले सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक था।

पंजाब में, सिखों के पवित्र शहर अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि औद्योगिक हब लुधियाना में 4.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सोमवार के 3.5 डिग्री के मुकाबले मंगलवार को 4.8 डिग्री दर्ज किया गया।

हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री और हिसार में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, इस क्षेत्र में नए साल की पूर्व संध्या पर या बाद में हल्की बारिश हो सकती है।