पंजाब में कांग्रेस और अकाली दल के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, एक की मौत

चंडीगढ़ : ऑनलाइन टीम – पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब में भी राजनितिक माहौल गरम हो रहा है। दरअसल पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव हिंसक होता जा रहा है। मोगा के कच्चा दोसांझ में कल रात कांग्रेस और अकाली कार्यकर्ताओं के बीच ¨हसक झड़प हो गई। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के एक कार्यकर्ता व स्थानीय दुकानकार की गाड़ी से कुचलकर मौत हो गई, जबकि एक पत्रकार बाल-बाल बच गया।

इस मामले में आरोपित कांग्रेस नेता नरेंद्र पाल सिंह सिद्धू को हिरासत में ले लिया गया है। बता दे कि पंजाब में 14 फरवरी को नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। इस बीच चुनाव प्रचार जोरों पर है। जानकारी के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल अकाली कार्यकर्ता को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लुधियाना रेफर कर दिया। यह झड़प की यह घटना मोगा की है। मोगा के वार्ड नंबर 9 में चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता भिड़ गए।

घटना रात करीब 9.15 बजे की है। अकाली कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कच्चा दोसांझ रोड पर वार्ड नंबर नौ की कांग्रेस प्रत्याशी हरविंदर कौर के पति व कांग्रेस नेता नरेंद्र पाल सिंह सिद्धू, उनका बेटा व चार अन्य लोग शराब बांट रहे थे। वे गाडि़यों में हूटर लगाकर घूम रहे थे। स्थानीय दुकानदार बब्बी गिल और इसी वार्ड से अकाली प्रत्याशी कुलविंदर कौर के रिश्तेदार जगदीप सिंह ने इसका विरोध किया। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगदीप सिंह की गाड़ी पर लाठियों से हमला कर दिया।