सबसे महंगे खिलाड़ी बने क्रिस मॉरिस, 16 करोड़ 25 लाख में राजस्थान रॉयल्स  ने खरीदा 

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स  ने गुरुवार को चेन्नै में आयोजित खिलाड़ियों  की नीलामी में 16 करोड़ 25 लाख रुपये में खरीदा। आईपीएल के 13 साल के इतिहास में यह किसी खिलाड़ी की सर्वाधिक बोली है। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स  और चेन्नै सुपरकिंग्स   की ओर से खेल चुके मॉरिस ने भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह  के 16 करोड़ के रेकॉर्ड को तोड़ दिया है। युवराज को 2015 में दिल्ली ने रेकॉर्ड बोली में खरीदा था।

मॉरिस इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का हिस्सा थे। उन्हें आईपीएल 2020 की नीलामी में आरसीबी ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था।

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर 33 वर्षीय क्रिस मॉरिस  पिछले साल आईपीएल में विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी की ओर से खेले थे। आरसीबी ने इस बार मॉरिस को रिलीज कर दिया था।  मॉरिस को पिछले आईपीएल में आरसीबी ने 10 करोड़ में खरीदा था। मॉरिस आईपीएल के 13वें एडिशन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  की ओर से खेले थे। मॉरिस ने अपना बेस प्राइस 75 लाख रुपये रखा था। पिछली बार विराट कोहली  की कप्तानी वाली आरसीबी (RCB) ने मॉरिस को अपने साथ 10 करोड़ रुपये में जोड़ा था।

मॉरिस को खरीदने की होड़ में आरसीबी के अलावा मुंबई इंडियंस  भी थी। एक समय आरसीबी ने 7 करोड़ की बोली लगाई वहीं मुंबई ने 9 करोड़ की बोली लगाई। मुंबई इसके बाद 10 करोड़ तक पहुंची। पंजाब किंग्स  ने 16 करोड़ की बोली लगाई थी। 33 वर्षीय बोलिंग ऑलराउंडर मॉरिस ने आईपीएल 2020 में 9 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 11 विकेट लिए थे। मॉरिस ने बल्ले से कुल 34 रन बनाए थे। आईपीएल में मॉरिस ने कुल 70 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 80 विकेट दर्ज है। ओवरऑल टी20 करियर की बात करें तो मॉरिस ने 218 टी20 में 270 विकेट चटकाए हैं। उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 9 रन देकर 4 विकेट है।