क्रिस गेल ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, आखिरी पारी में ठोके इतने रन

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल ने आज अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने आज भारत के खिलाफ आखिरी वनडे मैच खेला, जिसमें उन्होंने अर्धशतक जमाते हुए 72 रन की पारी खेली। आज गेल बेहद आक्रामक अंदाज में दिख रहे थे और आखिरकार खलील अहमद की गेंद ने उनकी इस पारी का अंत कर दिया। क्रिस गेल जैसे ही इस मैच में आउट हुए तमाम भारतीय खिलाड़ी उन्हें बधाई देने पहुंच गए। गेल ने कप्तान विराट कोहली, लोकेश राहुल समेत तमाम भारतीय खिलाड़ियों का अपने अंदाज में अभिवादन स्वीकार किया।

क्रिस गेल ने मैदान से बाहर जाते हुए अपने बल्ले के हैंडल में हेलमेट को फंसाया और उसे उंचा करके दर्शकों का अभिवादन किया। अपने करियर की आखिरी पारी में क्रिस गेल ने 41 गेंदों में 72 रनों की तूफानी पारी खेली। गेल ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 8 चौके और 5 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 179 से भी ज्यादा रहा। गेल ने वनडे क्रिकेट में 54वीं हाफसेंचुरी लगाई।

गेल का करियर –
क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज के लिए 301 वनडे मैचों में 10,480 रन बनाए। उन्होंने करियर में 25 शतक और 54 अर्धशतक भी ठोके। गेल ने वनडे में 331 छक्के जमाए। टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो गेल ने 103 टेस्ट में 7214 रन बनाए। उन्होंने टेस्ट में 15 शतक भी ठोके। टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 333 रन रहा। टी20 इंटरनेशनल में गेल ने 2 शतक लगाए और उनका औसत 32.54 रहा।