कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा की एंजियोप्लास्टी सर्जरी हुई, हालत स्थिर

नई दिल्ली . ऑनलाइन टीम : बॉलीवुड के जाने-माने कोरियोग्राफर और डायरेक्टर रेमो डिसूजा की आनन-फानन में एंजियोप्लास्टी सर्जरी करना पड़ा। फिलहाल,  उनकी हालत स्थिर है। मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में वे भर्ती है, जहां उनका इलाज चल रहा है।  डायरेक्टर अहमद खान ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके कारण जल्दबाजी में उन्हें भर्ती कराना पड़ा।

परिवार के अनुसार, कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा को शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें कोकिलाबेन हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। डॉक्टरों ने एंजियोप्लास्टी सर्जरी का फैसला लिया। हार्ट से ब्लॉकेज हटाने के बाद में उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। उनके फैन्स और बॉलीवुड सेलेब्स भी उनके सेहतमंद होने के लिए दुआएं दे रहे हैं। रेमो और लिजेल के दो बेटे ध्रुव और गैब्रिएल हैं।

कोरियोग्राफर और एक्टर धर्मेश येलांडे ने कहा कि -हां यह खबर सही है। रेमो सर अब ठीक हैं। हम सब यहीं हॉस्पिटल में उनके पास हैं। उनकी सर्जरी हुई है और सब कुछ ठीक है। हमें अंदर जाने की परमिशन नहीं है, लेकिन हम उनकी वाइफ लिजेल के संपर्क में हैं।

रेमो अपनी बेहतरीन कोरियोग्राफी के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं, जिसमें IIFA, जी सिने और स्टार डस्ट जैसे अवॉर्ड्स शामिल हैं। वह झलक दिखलाजा, डांस इंडिया डांस और डांस प्लस जैसे शोज को जज भी कर चुके हैं। वह खुद की डांस एकेडमी भी चलाते हैं, जहां हर साल वह युवाओं को डांस ट्रेनिंग देते हैं।