बाल विकास परियोजना अधिकारी ने की आत्महत्या

भंडारा : लाखनी स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। शीतल अशोक फालके (उम्र 28) ने आत्महत्या कर ली। वे मूल रूप से सातारा निवासी थी। अविवाहित होने के कारण अपनी माँ के साथ लाखनी स्थित माणिक निखाडे के घर में किराये पर रह रही थी। 30 जून 2017 से वे लाखनी में कार्यरत थी।

शनिवार सुबह पौने चार बजे के आसपास बाथरूम में जाकर उन्होने फांसी लगा ली। इस घटना की जानकारी तत्काल लाखनी पुलिस को दी गई।  पुलिस ने घर में ढूंढा तो एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमे उन्होने लिखा है मैंने अपनी मर्जी से आत्महत्या की, माँ मुझे माफ करना।

मधुर व सरल स्वभाव की शीतल कर्मचारियो को बहुत पसंद थी। शीतल के साथ काम करने वाले कर्मचारियो ने कहा कि पिछले कई दिनो से वो तनाव में चल रही थी। शुक्रवार दोपहर को कुछ लोगों ने उन्हें रोते हुए देखा था। हालांकि उसके पीछे का कारण उन्होने किसी को नहीं बताया। सुबह जब आत्महत्या की जानकारी सबको मिली तो सभी कर्मचारी हैरान रह गए।