पुणे में बदला मौसम का मिजाज, बेमौसम बारिश की संभावना

पुणे : पिछले कई दिनो से पुणे शहर में तापमान का पारा आसमान छू रहा है। तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी का कहर जारी रहा, लेकिन अब पुणे के लोगों को थोड़ी राहत मिली है। कल से बादल छाए रहने के कारण गर्मी कम हुई है। बुधवार को जो पारा 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वह पिछले 24 घंटों में 5.3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 34.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।

बादल छाए रहने के कारण सुबह से ही शहर में सूरज की किरण भी नहीं दिखी। दोपहर में थोड़ी बहुत धूप नजर आई। अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। मौसम विभाग ने कहा कि न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज किया गया। इस बीच शहर में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ रहा था। गुरुवार को बादल छाए रहने से गर्मी का कहर थम गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक बेमौसम बारिश होगी। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार से लेकर पूर्वी विदर्भ तक कम दबाव का क्षेत्र तैयार हुआ है।

महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने के कारण मौसम विभाग ने शुक्रवार को  मराठवाड़ा और विदर्भ में बेमौसम बारिश का अनुमान लगाया है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और बादल गरजने के साथ भारी बारिश की भी आशंका है।