मप्र में बदली छाई, गर्मी से राहत

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मंगलवार की सुबह से बदली छाई हुई है, वहीं हवाओं के चलने से मौसम राहत देने वाला है। राज्य में मानसून की सक्रियता ने मौसम को सुहावना बना दिया है, आसमान में बदली छाई है और हवाएं चल रही है। बीते कुछ दिनों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट भी आई है और गर्मी का असर कम है, मगर बारिश का दौर कमजोर पड़ते ही कई स्थानों पर उमस बढ़ जाती है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।

मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 24.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 22.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 30.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 34 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।