चंद्रयान-2 के लैंडर ‘विक्रम’ को लेकर ISRO चीफ ने साझा की ‘यह’ बड़ी जानकारी

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – चाँद की सतह पर पहुंचने वाले हमारे महत्वाकांक्षी चंद्रयान-2 मिशन को लेकर लगातार अपडेट्स आ रहे हैं. अब मिशन को लेकर यह ताजा जानकारी मिल रही है कि लैंडर चाँद के बेहद करीब पहुंच गया था.

ISRO के चेयरमैन के. सिवन ने खुद यह जानकारी साझा करते हुए बताया है कि, “हमारा लैंडर ‘विक्रम’ चंद्रमा की सतह से लगभग 300 मीटर करीब पहुंच गया था. विक्रम ने लैंडिंग के सबसे महत्वपूर्ण और जटिल चरण पार कर दिया था. जब हम मिशन को बिलकुल अचीव करने वाले थे, तभी चंद्रयान-2 से हमारा संपर्क टूट गया. फिर उसके साथ (लैंडर के साथ) क्या हुआ, इसका पता हमारी नेशनल लेवल की एक कमेटी लगा रही है.”

उन्होंने आगे कहा कि, “चंद्रयान-2 ने मिशन का 98 फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिया है, इसके दो कारण हैं – पहला विज्ञान और दूसरा प्रौद्योगिकी प्रमाण.”

गौरतलब है कि पहले जानकारी आई थी कि, जिस समय ISRO का लैंडर से संपर्क टूटा था, तब चाँद की सतह से उसकी दूरी 2.1 किमी थी. लेकिन सीवन के ताजा बयान के मुताबिक यह दूरी मात्र 300 मीटर ही रह गई थी.

7 सितंबर को टूटा था चाँद पर उतरने का सपना
7 सितंबर को पूरा देश चंद्रयान-2 का चाँद की सतह पर उतरने का टकटकी लगाए इंतजार कर रहा था, लेकिन अचानक आखिरी पड़ाव पर जाकर लैंडर विक्रम का ISRO से संपर्क टूट गया. उसके बाद से लगातार ISRO के वैज्ञानिकों की टीम लैंडर से संपर्क साधने और संपर्क टूटने के कारणों को तलाशने में जुटी हुई है. अभी कुछ दिन पहले ही नासा ने भी लैंडर का पता लगाने में ISRO की मदद की थी, लेकिन कुछ ठोस सबूत हाथ नहीं लग पाए.