प्रमोशन के उपप्रस्ताव से राज्य सरकार को चुनौती!

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – तकरीबन दो माह पहले पिंपरी चिंचवड़ मनपा के सिटी इंजीनियर अंबादास चव्हाण मनपा सेवा के रिटायर हो गए। तब से यह पद रिक्त पड़ा है। इसी माह के पहले सप्ताह में राज्य सरकार ने इस पद पर लोकनिर्माण विभाग के अधिकारी की प्रतिनियुक्ति की। मगर हाल ही में संपन्न हुई सर्वसाधारण सभा में सत्तादल भाजपा ने मनपा के जॉइंट सिटी इंजीनियर राजन पाटिल को सिटी इंजीनियर पोस्ट पर प्रमोशन देने का उपप्रस्ताव पारित किया। इस पर सत्तादल और विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस के बीच ठन गई है। वहीं यह उपप्रस्ताव राज्य सरकार को मनपा के सत्तादल भाजपा की ही चुनौती मानी जा रही है
30 अप्रैल को मनपा के सिटी इंजीनियर अंबादास चव्हाण रिटायर हो गए। उनके बाद रिक्त सीट पर जॉइंट सिटी इंजीनियर राजन पाटिल को प्रभारी पदभार दिया गया है। इसी माह यानी 7 जून को राज्य सरकार ने लोकनिर्माण विभाग के अ. मा. भालकर की इस पद पर नियुक्ती की है।  लोकनिर्माण विभाग के सह सचिव सं. द. सूर्यवंशी ने इस प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है। इससे पहले कि भालकर यहां अपना पदभार स्वीकारते मनपा में फिर एक बार मनपा अधिकारी या प्रतिनियुक्ति का अधिकारी? यह विवाद शुरू हो गया है। हमेशा की तरह इस बार भी प्रतिनियुक्ति का विरोध किया जा रहा है।
इस विवाद रूपी आग में घी की तरह काम किया है मनपा के सत्तादल ने। 20 जून को मनपा की सर्वसाधारण सभा में  स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालयों का निर्माण संबन्धी रिपोर्ट के अवलोकन का प्रस्ताव पेश किया गया था। सत्तादल भाजपा ने इस प्रस्ताव के साथ जॉइंट सिटी इंजीनियर राजन पाटिल को सिटी इंजीनियर पोस्ट की प्रमोशन देने का उपप्रस्ताव पारित किया। यह उपप्रस्ताव विसंगत है, बताकर राष्ट्रवादी कांग्रेस ने इसका पुरजोर विरोध किया। मगर सत्तादल ने इसे बहुमत के जोर पर पारित कर लिया। अब जबकि राज्य सरकार ने सिटी इंजीनियर पोस्ट पर प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है तब मनपा की सत्तादल भाजपा द्वारा प्रमोशन का विसंगत उपप्रस्ताव पारित किये जाने पर अचरज जताया जा रहा है। अब इस पर मनपा आयुक्त श्रवण हार्डिकर और राज्य सरकार क्या फैसला करते हैं? यह देखना दिलचस्प होगा।