कंगना के खिलाफ अब बिहार में मामला दर्ज,  उपेंद्र कुशवाहा को लेकर किया था कमेंट   

गया. ऑनलाइन टीम : बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनके खिलाफ अब बिहार की एक कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई गई है।

दरअसल, यह सारा विवाद एक तस्वीर को लेकर है। कंगना रनौत ने 3 दिसंबर को एक तस्वीर रीट्वीट की थी, जिसमें रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित कई नेताओं के पुरानी फोटो को लुटियंस, लिबरल, जिहादी, आजाद कश्मीर, अर्बन नक्सल, कम्युनिष्ट और खालिस्तानी बताया गया था। वहीं, ट्वीट में भी नेताओं को टुकड़े टुकड़े गैंग का नया स्टार कहा था। कंगना रनौत के तस्वीर को रीट्वीट करने पर उपेंद्र कुशवाहा ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने 4 दिसंबर को ट्वीट किया था कि रालोसपा द्वारा आयोजित चुनावी सभा की तस्वीर का दुरुपयोग करने से आपको राजनीति की पाठशाला में प्रवेश मिल जाएगा? कंगना रनौत, क्या आपको इतनी समझ है? उपेंद्र ने भी कंगना के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की थी।

जानकारी के मुताबिक,  उनकी इस टिप्पणी को लेकर आरएलएसपी नेता विनय कुशवाहा की ओर से गया सिविल कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है। पूरे मामले में वकील शंभू प्रसाद ने कहा कि किसी भी नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना अपराध है। इसलिए, हमने अदालत से हमारी शिकायत पर संज्ञान लेने के लिए कहा है। विनय कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि आरएलएसपी अध्यक्ष राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं। अभिनेत्री ने अपने कमेंट से उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। ऐसी टिप्पणी चिंता का विषय है।

बता दें कि हाल के समय में कंगना रनौत ने किसान आंदोलन के विरोध में काफी ट्वीट किए थे। इस दौरान उन्होंने आंदोलन में शामिल बुजुर्ग महिला के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थीं। इसके बाद कंगना रनौत की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी।