पुणे एटीएस के उपनिरीक्षक व दो अभिनेत्रियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुणे : समाचार ऑनलाईन – फ़िल्म के सहकलाकार के खिलाफ दर्ज किये गए छेड़छाड़ के मामले को निपटाने के लिए एक शातिर अपराधी के जरिए 15 लाख की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस बारे में सहकार नगर पुलिस ने पुणे एटीएस के एक पुलिस उपनिरीक्षक और दो मराठी फ़िल्म अभिनेत्रियों समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे और मराठी फ़िल्म इंडस्ट्री में खलबली मच गई है।
राम भरत जगदाले (निवासी पर्वती पायथा, सहकारनगर, पुणे), पुणे एटीएस के पुलिस उपनिरीक्षक अमोल विष्णू टेकाले (निवासी स्वारगेट पुलिस लाईन, पुणे), रोल नं 18 नामक मराठी फिल्म की अभिनेत्री रोहिणी मच्छिंद्र माने (निवासी नलदुर्ग, तुलजापूर, उस्मानाबाद) और उसकी कलाकार सहेली सारा श्रावण उर्फ सारा गणेश सोनवणे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से राम जगदाले, जोकि शातिर अपराधी है, को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ सुभाष दत्तात्रय यादव (28, निवासी शास्त्री रोड) ने शिकायत दर्ज कराई है।
यह घटना गत साल 28 सितंबर को राम जगदाले के ऑफिस में घटी थी। इसके बारे में सुभाष यादव ने पुणे जिला (ग्रामीण) और बाद में पुणे शहर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अनुसार पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद जगदाले को गिरफ्तार कर उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सुभाष यादव ने मराठी फिल्म रोल नँबर 18 में रोहिणी माने के साथ काम किया है। उसने यादव के खिलाफ वानवड़ी पुलिस में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी, इसके अनुसार यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, रोहिणी, पुलिस उपनिरीक्षक टेकाले और सारा श्रावण ने यादव को छेड़छाड़ का मामला निपटाने के लिए राम जगदाले के ऑफिस में बुलाया था। इसके अनुसार वे अपने रिश्तेदारों के साथ 28 सितंबर को वहां गए थे। वहां उन्हें तीन घन्टे तक बैठाए रखां गया और रोहिणी के पैर पकड़कर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। इसका वीडियो भी बनाया गया। पुलिस में दर्ज मामला वापस लेने के लिए यादव से 15 लाख रुपए की मांग की गई। तब उन्होंने टेकाले को एक लाख रुपए देकर अपनी जान छुड़ाई। बचे हुए पैसों की मांग को लेकर उन्हें धमकाए जाने लगा। इसके बाद सारा ने दुबई से माफी मांगने वाला वीडियो वायरल कर दिया। यही नहीं राम जगदाले ने यादव को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और एसिड अटैक की धमकी भी दी। यादव की शिकायत पर सहकारनगर पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। क्राइम ब्रांच ने जगदाले को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या जैसे कई संगीन मामले दर्ज रहने की जानकारी भी सामने आई है।