सावधान! अगर इस मामले में आपका चेक बाउंस हुआ फौजदारी केस दर्ज होगा

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पुणे मनपा की सीमा में प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराते समय बड़े पैमाने पर प्रॉपर्टीधारकों द्वारा चेक के जरिए टैक्स जमा किया जाता है। साथ ही बकाया टैक्स धारकों के खिलाफ मनपा का स्क्वाड वसूली के लिए जाने पर नागरिकों द्वारा केवल कार्रवाई से बचने हेतु चेक दिया जाता है। बाद में यह चेक बाउंस हो जाते हैं। चेक बाउंस होने वालों के खिलाफ अब फौजदारी मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रॉपर्टी टैक्स विभाग प्रमुख तथा सह मनपा आयुक्त विलास कानड़े ने यह जानकारी दी।

वभिन्न विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं
मनपा का प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने हेतु प्रशासन द्वारा विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। जिनमें नकद भुगतान के साथ चेक, ऑनलाइन पेमेंट, नेट बैंकिंग तथा अन्य विकल्प उपलब्ध हैं। नागरिकों द्वारा ऑनलाइन पेमेंट और नकद भुगतान बड़े पैमाने पर किया जाता है। चेक के जरिए प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने वालों की संख्या भी अच्छी खासी होती है। लेकिन मनपा प्रशासन द्वारा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स धारकों के खिलाफ कार्रवाई करने पर नागरिकों द्वारा ज्यादा संख्या में चेक के जरिए टैक्स जमा किया जाता है। चेक बाउंस होने की संख्या भी हर साल करीब साढ़े तीन हजार होती है। पहले प्रशासन द्वारा चेक बाउंस होने पर एसे मामलों में जुर्माना वसूला जाता था। अब सीधे फौजदारी मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

वर्तमान स्थिति में प्रॉपर्टी टैक्स विभाग द्वारा 9 प्रॉपर्टीधारकों को इस प्रकार की कानूनी कार्रवाई के लिए नोटिस भेजी गई हैं। तय अवधि में संबंधित प्रॉपर्टी धारकों द्वारा टैक्स की रकम जमा नहीं कराने पर उनके खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। इससे आगे भी चेक बाउंस होने वालों के खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज किया जाएगा। इसलिए चेक जमा करते समय वह बाउंस नहीं होने देने की सावधानी बरतने की अपील मनपा प्रशासन की ओर से की गई है।