दिल्ली में भाजपा नेता ने की आत्महत्या

दिल्ली में भाजपा नेता की आत्महत्या से खलबली मच गई है। भाजपा नेता ने अपने घर के पास एक पार्क में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पार्क में शाम की सैर के लिए आए स्थानीय लोगों ने इसे देखा फिर जाकर इसका खुलासा हुआ। भाजपा नेता की पहचान जीएस बावा के रूप में की गई,  जो पश्चिमी दिल्ली के पूर्व भाजपा उपाध्यक्ष थे। पुलिस को घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसकी जांच चल रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नेता ने पारिवारिक कारणों के चलते आत्महत्या की होगी।  हालांकि, न तो पुलिस और न ही पार्टी ने आत्महत्या का सही कारण बताया है। 58 वर्षीय जीएस बावा पश्चिमी दिल्ली के फतेह नगर में रहते थे।

घटना सोमवार शाम की है। जीएस बावा का शव सुभाष नगर के पार्क में एक तालाब के पास लटका मिला। शाम करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर शव के बारे में जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि यह शव भाजपा नेता जी एस बावा का है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।