महाराष्ट्र के 6 जिलों पर मंडराया बर्ड फ्लू का खतरा, परभणी में मारी जाएंगी 80 हजार मुर्गियां

मुंबई. ऑनलाइन टीम : देश में बर्ड फ्लू का खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। महाराष्ट्र भी इसकी चपेट में है। पशुसंवर्धन मंत्री सुनील केदार ने बताया कि राज्य के नागपुर, लातूर, अमरावती, परभणी, नासिक और ठाणे शहर पर बर्ड फ्लू का खतरा छाया हुआ है। बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए 80 हजार मुर्गियों को मारा जाएगा। इन मुर्गियों को 5 फुट गहरे गड्ढे में केमिकल डालकर दफनाया जाएगा।

सुनील केदार ने बताया कि मुरंबा गांव को बर्ड फ्लू के खतरे के मद्देनजर प्रतिबंधित क्षेत्र यानी कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इस गांव में और आसपास में मुर्गियों की बिक्री और खरीदी पर रोक लगा दी गई है। राज्य में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार की शाम 5 बजे एक बैठक का आयोजन किया है। जिसमें इस खतरे से निपटने के लिए अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

बता दें कि परभणी जिला के मुरंबा गांव में तकरीबन 800 मुर्गियों की हाल में मौत हो गयी थी।  भोपाल स्थित प्रयोगशाला में जांच से पता चला है कि इन मुर्गियों में बर्ड फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। इस वजह से प्रशासन ने मुरंबा गांव के एक किलोमीटर के दायरे में तकरीबन 80 हजार मुर्गियों को मारने का आदेश दिया है। इस आदेश के तहत आज शाम तक इन 80 हजार मुर्गियों को मारकर जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर दफना दिया जाएगा।

गौरतलब है कि  पक्षियों की लगातार हो रही सामूहिक मौतों ने पेसानी पर बल ला दिए हैं।  मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और केरल को बर्ड फ्लू ने अपनी चपेट में ले लिया है। देश के विभिन्न राज्यों को बर्ड फ्लू के एच5एन8 स्वरूप (स्ट्रेन) को नियंत्रित करने के लिए अलर्ट कर सैंपल को जांच के लिए भेजे गए हैं।