बिहार : पटना से रविशंकर, बेगूसराय से गिरिराज लड़ेंगे चुनाव

पटना (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने लोकसभा चुनावों के लिए शनिवार को बिहार की 40 में से 39 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पटना साहिब से जहां केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं गिरिराज सिंह को बेगूसराय से उतारने का फैसला लिया गया है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अपने खाते की खगड़िया लोकसभा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा बाद में करेगी।

पटना में राजग के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए भाजपा के भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजग मजबूती से यह चुनाव लड़ेगी और सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी। संवाददाता सम्मेलन में जनता दल – यूनाइटेड (जद-यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव मौजूद रहे।

राजग ने पूर्वी चंपारण लोकसभा क्षेत्र से एक बार फिर भाजपा के राधा मोहन सिंह को उम्मीदवार बनाया है, वहीं पटना साहिब से शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट काटकर भाजपा के रविशंकर प्रसाद को चुनाव मैदान में उतारा है। पाटलिपुत्र से भाजपा के केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव प्रत्याशी होंगे। राजग ने हाजीपुर से केंद्रीय मंत्री रामविलास पासावन के भाई और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को उम्मीदवार बनाया है।

वाल्मीकीनगर से जद-यू के वैद्यनाथ प्रसाद महतो, पश्चिमी चंपारण से संजय जायसवाल (भाजपा), शिवहर से भाजपा की रमा देवी, सीतामढ़ी से जद-यू के वरूण कुमार, मधुबनी से भाजपा के अशोक कुमार यादव और झंझारपुर से जद-यू के राम प्रीत मंडल को उतारने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा सुपौल से जद-यू के दिलेश्वर कामत को, अररिया से भाजपा के प्रदीप सिंह, किशनगंज से जद-यू के महमूद अशरफ , कटिहार से जद-यू के दुलाल चंद्र गोस्वामी और पूर्णिया से जद-यू के संतोष कुमार कुशवाहा को टिकट थमाया गया है।

मधेपुरा से जद-यू के दिनेश चंद्र यादव को राजग का प्रत्याशी बनाया गया है जबकि दरभंगा से कीर्ति आजाद का टिकट काटकर भाजपा ने गोपाल जी ठाकुर को उतारने का फैसला लिया है। मुजफ्फरपुर जैसी महत्वपूर्ण सीट पर भाजपा के अजय निषाद, लोजपा के वैशाली से वीणा देवी, गोपालगंज से जद-यू के डॉ़ आलोक कुमार सुमन, सीवान से जद-यू की कविता सिंह, महाराजगंज से भाजपा के जर्नादन सिंह सिग्रीवाल, सारण से भाजपा के राजीव प्रताप रूडी, उजियारपुर से भाजपा के नित्यानंद राय, समस्तीपुर से लोजपा के रामचंद्र पासवान को चुनावी मैदान में उतारा गया।

इसी तरह भागलपुर से जद-यू के अजय कुमार मंडल, बांका से जद-यू के गिरधारी यादव, मुंगेर से जद-यू के राजीव रंजन सिंह, नालंदा से जद-यू के कौशलेंद्र कुमार, पाटलिपुत्र से भाजपा के रामपाल यादव, आरा से भाजपा के राजकुमार सिंह, बक्सर से भाजपा के अश्विनी कुमार चौबे, सासाराम से भाजपा के छेदी पासवान, काराकट से जद-यू के महाबलि सिंह, जहानाबाद से जद-यू के चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, औरंगाबाद से भाजपा के सुशील कुमार सिंह, गया से जद-यू के विजय मांझी, नवादा से लोजपा के चंदन कुमार तथा जमुई से लोजपा के चिराग कुमार पासवान को उतारने का फैसला लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से भाजपा और जद-यू 17- 17 तथा लोजपा छह सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा पहले ही कर चुकी थी। बिहार में कुल 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होंगे। बिहार में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, छह मई, 12 मई और 19 मई को मतदान होंगे। 23 मई को मतगणना होगी।