बिहार : भीषण सड़क हादसे में दुल्हन की मौत, मौत से जंग लड़ रहा दूल्हा

औरंगाबाद : समाचार ऑनलाईन – रात में हुई शादी और खुशी-खुशी दूल्हा अपनी दुल्हन को उसके मायके से विदा करा अपने घर ले जा रहा था। रास्ते में दोनों अपनी नई दुनिया के हसीन सपने देख रहे थे। दुल्हन को मायका छूटने का गम था और वो उदास थी तो दूल्हा उसे उदास देखकर उसे रास्ते भर खुश करने की कोशिश में लगा था, लेकिन क्या पता था कि नियति को दोनों का साथ शायद पसंद नहीं था।

सबकी आंखें भर आयीं
भगवान ने रात में दोनों का रिश्ता बांधा और सात जन्मों का साथ निभाने का वचन देने के बाद सुबह इस तरह इस जन्म में ही साथ इस तरह छूट जाएगा, ये देखकर सबकी आंखें भर आयीं। लखनपुर के आल्हा सिंह ने जिस इकलौती बेटी को फूल की तरह गोद में खिलाया, उसी बिटिया को मौत की गोद में देखकर पिता बेहोश हो गये। जानकारी के मुताबिक, नवीनगर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी आल्हा सिंह की इकलौती बेटी नेहा कुमारी के साथ दाउदनगर थाना क्षेत्र के चेचाढ़ी गांव निवासी इंद्रदेव सिंह के पुत्र उज्जवल कुमार उर्फ बबलू सोमवार को शादी कर घर लौट रहा था। दूल्हे की गाड़ी जैसे ही अंबा थाना क्षेत्र के एनएच-139 पर स्थित दोस्ताना होटल के समीप पहुंची कि दूल्हे की गाड़ी एक वाहन से टकरा गयी।

हादसे के बाद आनन-फानन में दूल्हा-दुल्हन को इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद लाया गया, जहां इलाज के क्रम में दुल्हन नेहा कुमारी की मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल दूल्हा मौत से जंग लड़ रहा है। घटना के बाद से ड्राइवर फरार है। बताया जाता है कि उसे बांह में चोट लगी है। इधर, घटना घटने के बाद दुल्हन और दूल्हे के घर में खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया। घटना के बाद दुल्हन और दूल्हे के घर में खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया है।