बड़ी खबर : लालू प्रसाद यादव की बिगड़ी तबियत, चलना फिरना हुआ मुश्किल

पटना : समाचार ऑनलाइन – राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल लालू इन दिनों रांची के राजेन्द्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स ) में भर्ती है। जहां डॉक्टर ने जानकारी दी है कि वह आर्थराइटिस से पीड़ित हैं, इसीलिए वह ज्यादा चल-फिर नहीं पा रहे है। लालू के इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया है कि ‘लालू प्रसाद आर्थराइटिस से पीड़ित हैं। यद्यपि यहां टहलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, फिर भी हम उन्हें टहलने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्हें कई अन्य बीमारियां भी हैं। लालू यादव को शुगर के साथ-साथ 11 अन्य बीमारियों ने अपनी चपेट में ले रखा है। इनमें हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट और किडनी की बीमारियां शामिल हैं।

बता दें कि लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में 14 साल जेल की सजा काट रहे हैं। तबीयत खराब होने की वजह से वह पिछले एक साल से रिम्स में इलाज करा रहे हैं। रिम्स में वह पेइंग वार्ड में भर्ती हैं। बीते शनिवार को उनसे झारखंड आरजेडी अध्यक्ष अभय कुमार सिंह और पार्टी नेता लव कुमार मेहता ने मुलाकात की थी। उनके एक संबंधी ने भी हालचाल लिया था। डॉक्टर के मुताबिक, उनके सेहत को देखते हुए लालू प्रसाद से तीन लोग अस्पताल में मिल सकते हैं।