Big News : झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, पांच चरणों में होंगे चुनाव, 23 दिसंबर को रिजल्ट

रांची : समाचार ऑनलाइन – झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही चुनावी बिगुल बज चुका है। 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण का मतदान 30 नवंबर को होगा जबकि मतगणना 23 दिसंबर को होगा। दूसरे चरण का मतदान 7 दिसंबर को, तीसरे चरण का मतदान 12 दिसंबर को होगा। जबकि 16 दिसंबर को चौथे चरण का मतदान होगा। पांचवें और आखिरी चरण का मतदान 20 दिसंबर को होगा।

 

इधर झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को पूरा हो रहा है। उससे पहले नई सरकार का गठन कर लिया जाएगा। इसके साथ ही झारखंड में चुनाव आचार सहिंता लागू हो गया है। गौरतलब हो कि इस वक्त झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और झारखंड मुक्ति मोर्चा मुख्य विपक्षी पार्टी है। चुनाव की तारीखों का एलान भले आज होने जा रहा हो, लेकिन चुनाव प्रचार कई महीने से चल रहा है।  सत्ताधारी दल भाजपा, मुख्य विपक्षी पार्टी झामुमो, झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक), कांग्रेस और आजसू ने अपनी ताकत दिखाने के लिए पिछले दिनों रैली और सभाओं का आयोजन किया।

बता दें कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में बीजेपी लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी को बेताब है। बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के नतीजे को देखते हुए विधानसभा चुनाव में मिशन-65 प्लस का टारगेट फिक्स किया है। बीजेपी-एजेएसयू मिलकर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है।