बड़ी खबर : मशहूर संगीतकार खय्याम का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – ‘खय्याम’ के नाम से मशहूर दिग्गज संगीतकार मोहम्मद ज़हूर खय्याम का 92 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के जुहू स्थित सुजॉय अस्पताल में आखिरी सांस ली। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे उनका निधन हुआ। बता दें कि खय्याम पिछले 10 दिनों से अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। सीने में संक्रमण और निमोनिया की शिकायत के बाद उन्हें पिछले महीने 28 जुलाई को मुंबई के सुजय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज उनको अंतिम विदाई दी जाएगी।

खय्याम की मौत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने लिखा है कि ‘सुप्रसिद्ध संगीतकार खय्याम साहब के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने अपनी यादगार धुनों से अनगिनत गीतों को अमर बना दिया। उनके अप्रतिम योगदान के लिए फिल्म और कला जगत हमेशा उनका ऋणी रहेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके चाहने वालों के साथ हैं।’

khaiyaam

खय्याम ने ‘कभी कभी मेरे दिल में खयाल आता है’, ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ जैसे गानों की धुनें बनाईं. उन्होंने ‘कभी-कभी, उमराव जान, बाजार, नूरी, फुटपाथ, गुल बहार, त्रिशूल, फिर सुबह होगी, शोला और शबनम, शगुन, आखिरी खत, खानदान, थोड़ी सी बेवफाई, चंबल की कसम, रजिया सुल्तान जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया था। पंजाब के नवांशहर में जन्मे मोहम्मद जहूर खय्याम ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1947 में की थी। उन्हें 2011 में उन्हें पद्म भूषण से नवाजा गया