Big News : हिन्द महासागर में घुसा चीनी जहाज, भारतीय नौसेना ने खदेड़ा

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – भारतीय नौसेना ने आज पोर्ट ब्लेयर के पास दिखे एक संदिग्ध चीनी शिप का पीछा कर उसे भारतीय समुद्री सीमा के बाहर खदेड़ दिया। बताया गया है कि यह चीन का रिसर्च शिप शी यान 1 था, जो कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अंदर रिसर्च के लिए आया था। इसकी जानकारी नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने दी।

उन्होंने कहा कि भारत किसी भी खतरे को नाकाम करने में सक्षम है। भारत, हिन्द महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ती मौजूदगी पर लगातार ध्यान दे रहा है। एडमिरल करमबीर सिंह ने जोर देकर कहा कि हिन्द महासागर क्षेत्र में पाकिस्तान की मंशा के बारे में भारत नौसेना पूरी तरह से अवगत है। सूत्रों के अनुसार ऐसी आशंका जताई गई कि चीन इस पोत के जरिए भारतीय क्षेत्र में नौसेना की गतिविधियों की जासूसी कर सकता है। क्योंकि, चीन आक्रामक रूप से हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है।

हाल ही में भारत ने चीन के 7 युद्धपोतों को हिंद महासागर में देखा था। इन्हें भारतीय नौसेना के टोही विमानों पी-8आई ने ट्रैक किया था। अमेरिका निर्मित पी-8आई विमान पनडुब्बी रोधी खुफिया प्रणाली से लैस हैं। चीन का 27 हजार टन वजनी और विमानवाहक युद्धपोत जियान-32 सितंबर की शुरुआत में दक्षिण हिंद महासागर में श्रीलंका के पास देखा गया था।

visit : punesamachar.com