बड़ी खबर : अरुणाचल प्रदेश में 75 KM तक भीतर घुसी चीनी सेना, पत्थरों पर लिखा ‘ड्रैगन’ का हिस्सा!

ईटानगर : समाचार ऑनलाइन – भारत-चीन बॉर्डर को विवादित रूप में बहुत कम ही देखा जाता है। हालांकि समय-समय पर दोनों देशों की सेना के बीच नोकझोक भी देखी जाती है। इस बीच एक बड़ी खबर समाने आई है जिसके मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश में एक बार फिर चीनी सेना के घुसपैठ के संकेत मिले हैं। राज्य के अंजाव जिले के स्थानीय निवासियों के अनुसार चीनी सेना भारतीय सीमा में कई किलोमीटर भीतर तक घुस आई है। चागलागम क्षेत्र में चीनी सेना ने पत्थरों पर मंदारिन भाषा में संकेत बना दिए हैं और इस पर अपना कब्जा घोषित कर दिया है।

हालांकि भारतीय सेना ने किसी भी प्रकार के चीनी घुसपैठ से इंकार किया है। बता दें कि चागलागम क्षेत्र बेहद दुर्गम इलाके में मौजूद है। यहां पर सड़क संपर्क अभी तक नहीं है, जिला मुख्यालय हयुलिंग तक पहुंचने के लिए स्थानीय लोगों को 2 दिन तक पैदल चलकर जाना होता है। भारत-चीन बॉर्डर को मैक मोहन रेखा विभाजित करती है। लेकिन कई बार मैक मोहन रेखा को पार करते हुए चीनी सेना की घुसपैठ की खबरें आती रहती हैं।

माना जा रहा है कि ये तस्वीरें पिछले साल नवंबर और दिसंबर की हैं। ये तस्वीरें बता रही हैं कि चीनी सेना अक्सर इस क्षेत्र का दौरा कर रही हैं। इन तस्वीरों की सत्यता को प्रमाणित करने के लिए जब सेना से बात की गई तो सेना ने इस पर कोई भी बयान देने से इंकार कर दिया।