‘अगले बरस जल्दी आने’ का न्यौता देकर गणराया को दी बिदाई

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  अगले बरस जल्दी आने का न्यौता देते हुए पिंपरी चिंचवड़ शहरवासियों ने अपने लाडले गणराया को भक्तिभाव और नम आंखों से बिदाई दी। गत दस दिन से शुरू गणेशोत्सव का गुरुवार को समापन हुआ। उद्योगनगरी में कुल 10 घँटे तक विसर्जन रैली चली। आकर्षक झांकियों वाली रैलियां, ढोल-ताशा जैसे पारंपरिक वाद्यों के साथ डीजे की गूंज, गुलाल की बजाय फूलों और भंडारा (हल्दी) की वर्षा और पर्यावरण पूरक तरीके से विसर्जन पर जोर आदि इस साल के विसर्जन की प्रमुख विशेषताएं साबित हुई।
पिंपरी में पवना नदी पर सुभाषनगर घाट और चिंचवड़गांव में थेरगांव पूल के पास विसर्जन घाटों पर गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया गया। प्राधिकरण में गणेश तालाब पर विसर्जन का प्रबंध किया गया था। विसर्जन के पिंपरी चिंचवड़ मनपा में तमाम सुविधाओं का प्रबंध किया गया था। मनपा के दमकल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य व चिकित्सा विभागों की टीमें घाटों पर तैनात थी। विसर्जन रैलियां शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो इसके लिए पिंपरी चिंचवड़ पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। शहर पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी सुरक्षा में तैनात था। क्राइम ब्रांच औऱ थानों की डिटेक्शन ब्रांच की टीमें अराजक तत्वों पर नजर रखे हुए थी। ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात खासकर विसर्जन मार्ग की यातायात में बदलाव किये थे।
पिंपरी चिंचवड़ में गणेश विसर्जन की शुरुआत पिंपरी में दोपहर सवा 12 बजे एलप्रो वर्कर्स के मंडल की रैली से हुई और रात 12 बजे राष्ट्रतेज मित्र मंडल की रैली से विसर्जन रैली का समापन हुआ। चिंचवड़ में दोपहर दो बजे के करीब दलवीनगर के गजानन मित्र मंडल की विसर्जन रैली का आगमन हुआ। जहां पिंपरी की विसर्जन रैलियों में उत्साह नजर आया वहीं चिंचवड़ की रैलियों की रफ़्तार धीमी नजर आयी। दोनों ही जगहों पर गणेश मंडलों ने विसर्जन रैली तय समय के भीतर निपटाने पर जोर दिया। पिंपरी की रैलियों में महिलाओं और युवतियों का सहभाग उल्लेखनीय रहा। इस साल पर्यावरण पूरक विसर्जन को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। इस बार विसर्जन घाटों पर मूर्तिदान, कृत्रिम हौदों में विसर्जन जैसे उपक्रमों को भारी तवज्जो मिलती नजर आयी।
गणेशोत्सव
पिंपरी कैम्प के कराची चौक और चिंचवड़गांव के चापेकर चौक में पिंपरी चिंचवड़ मनपा द्वारा विसर्जन रैलियों के स्वागत के लिए स्वागत कक्ष बनाये गए थे।यहां महापौर राहुल जाधव, सभागृह नेता एकनाथ पवार, मनपा आयुक्त श्रावण हर्डीकर, अतिरीक्त आयुक्त संतोष पाटील, नगरसेविका अपर्णा डोके, अश्विनी चिंचवडे, अनुराधा गोरखे, नगरसेवक भाऊसाहेब भोईर, सुरेश भोईर, मोरेश्वर शेडगे, सहायक आयुक्त अण्णा बोदडे, संदीप खोत आदि ने मंडलों के अध्यक्षों का स्वागत और सम्मान किया।गणेशोत्सव के लिए दमकल विभाग ने शहर में कुल 26 विसर्जन घाटों पर लाईफ जॅकेट, लाईफरिंग जैसी जरूरी सामग्री और संसाधनों से लैस अपने दस्ते तैनात किए थे। इनमें लिडिंग फायरमन, फायरमन का समावेश था। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने पुलिस ने विशेष टीमें तैनात की थी। जिन रैलियों में ध्वनि स्तर ऊंचा रहा उन्हें तत्काल कम करने की सूचना दी जाती रही। शाम साढ़े पांच बजे और रात 11 बजे के करीब गणराया और विसर्जन रैलियों के जलाभिषेक के लिए बरखा रानी का भी आगमन हुआ।