भिवंडी : TV देखते समय मोबाइल पर गेम के लिए मां ने किया मना, 15 वर्षीय लड़की ने लगाई फांसी

भिवंडी : बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल बंद है, बच्चे खेलने के लिए बाहर नहीं जा पाते हैं। लोगों को घर में बंद रहने की नौबत आ गई है। स्कूल कॉलेज बंद होने के कारण बच्चे घर में मोबाइल या टीवी में व्यस्त रहते हैं।

इस दौरान भिवंडी शहर में एक दुखद घटना सामने आई है। 15 वर्षीय लड़की टीवी देखते समय मोबाइल पर गेम खेल रही थी। उस समय उसकी मां ने कहा कि टीवी देखते समय मोबाइल पर गेम मत खेलो। इसी से नाराज होकर लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना न्यू टावरे कंपाउंड में हुई है। कोमल रवींद्र सलादल्लू (15) आत्महत्या करने वाली लड़की का नाम है।

कोमल घर में टीवी देख रही थी। साथ ही मोबाइल पर गेम भी खेल रही थी। उस समय उसकी मां रेखा ने गुस्सा किया। इसी से नाराज होकर कोमल ने फर्स्ट फ्लोर पर जाकर सीलिंग फैन से दुपट्टे की मदद से फांसी लगा ली। इसकी जानकारी मिलते ही भोईवाडा पुलिस थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कोमल के शव को स्व. इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल में उच्चस्तरीय जांच के लिए भेजा गया। लड़की की मां ने किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई इसलिए अकस्मात मौत का मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच पुलिस कर रही है।