भजन सम्राट नरेंद्र चंचल का निधन, कई महीनों से चल रहे बीमार

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : भजन गायक नरेंद्र चंचल नहीं रहे।वह पिछले कई महीनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। वह  27 नवंबर से अपोलो अस्पताल में भर्ती थे। दिल्ली के सरिता विहार  स्थित अपोलो अस्पताल प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके ब्रेन में क्लॉटिंग थी। शुक्रवार दोपहर उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। नरेंद्र चंचल अपने पीछे दो बेटे औऱ एक बेटी छोड़ गए हैं।

नरेंद्र चंचल ने बहुत से भजन और हिंदी फिल्म में गीत गाए थे। उनके गीत के बिना हर दुर्गा पूजा अधूरी होती थी। 16 अक्टूबर, 1940 को जन्मे नरेंद्र चंचल दिल्ली आकर बसे और यहीं के होकर रह गए। उन्होंने देश के साथ विदेशों में अपने भजनों के जरिये नाम कमाया। नरेंद्र चंचल को माता के भजनों के लिए ही जाना जाता है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में उनका बड़ा नाम था।  नरेंद्र चंचल की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अमिताभ बच्चन से लेकर शोमैन राजकूपर की फिल्मों के लिए भी गाने गाए।

नरेंद्र चंचल ने बचपन से ही अपनी मां कैलाशवती को मातारानी के भजन गाते हुए सुना। इसी वजह से उनकी रुचि भी गायकी में बढ़ी। उनके शरारती स्वभाव और चंचलता की वजह से उनके शिक्षक उन्हें ‘चंचल’ कहकर बुलाते थे। बाद में नरेंद्र ने अपने नाम के साथ हमेशा के लिए चंचल जोड़ लिया। उनके भजन और गाने कुछ ऐसे थे कि उन्हें भजन सम्राट की उपाधि दी गई थी।