शादी के पहले ही लुटेरी दुल्हन ने युवक को लगाई 10 लाख की चपत, मामला थाने में 

लखनऊ. ऑनलाइन टीम : लुटेरी दुल्हन…यह किसी उपन्यास का शीर्षक लगता है, लेकिन हकीकत काफी कड़वी है। खासकर उस परिवार के लिए, जिसके साथ लुटेरी दुल्हन अपना असली खेल खेलती है। लखनऊ का ताजा मामला आंखें खोलने के लिए काफी है। यहां एक दुल्हन शादी से पहले होने वाले दूल्हे को लाखों रुपये का चूना लगाकर गायब हो गई।

हजरतगंज थाने में दर्ज धोखाधड़ी के इस मामले के अनुसार, प्राग नारायण रोड निवासी मनोज अग्रवाल ने जीवन साथी मेट्रोमोनियल पर प्रोफाइल बनाई थी। 15 अगस्त को प्रियंका सिंह नाम की प्रोफाइल से उन्हें पहली बार रिक्वेस्ट आई। मनोज ने इस अनुरोध को इसलिए तवज्जो दिया, क्योंकि उसकी इच्छाओं के अनुरूप रिश्ता लग रहा था।

थोड़ा भावुक मामला भी था। युवती ने बताया कि वह रांची की रहने वाली है। कुछ वक्त पहले सड़क हादसे में उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। घर की परेशानियों को देखते हुए वह यह रिश्ता कबूल करना चाहती है। बातचीत के दौरान प्रियंका ने आयकर विभाग की नौकरी छोड़ कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने की जानकारी भी दी थी। इससे उसके संस्कार और आगे की सोच के अलावा मेधावी होने की भी पुष्टि हो रही थी।

प्रियंका के प्रोफाइल चेक करने के बाद मनोज रिश्ता के लिए तैयार हो गया। मनोज से मिलने के लिए प्रियंका, उसकी मौसी और मौसेरा भाई शिवम लखनऊ आए थे। दोनों परिवारों के बीच हुई बातचीत के बाद दस दिसंबर को बरीक्षा और 16 दिसंबर को शादी की तारीख तय की गई थी। मुलाकात के दौरान प्रियंका ने मनोज को अपना नम्बर दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच व्हाटसएप चैट होती थी। काफी कुछ अच्छा चल रहा था। संदेह की कोई गुंजाइश नजर भी नहीं आ रही थी।

इसी बीच, अचानक प्रियंका ने  बताया कि माता-पिता की मौत के बाद वह आर्थिक दिक्कतों से जूझ रही है। प्रियंका के मुताबिक उसके पिता की गांव में जमीन और शहर में एक प्लॉट था, जो उत्तराधिकार प्रमाण पत्र बनते ही उसके नाम पर ट्रांसफर हो जाएंगी। मनोज ने कहा कि मुझे जायदाद की लालच नहीं, लेकिन विश्वास के लिए यह जरूरी है और परेशानी को समझते हुए साथ दूंगा। इसके बाद मनोज ने छह लाख 60 हजार रुपये प्रियंका के खाते में डाले। और किसी न किसी बहाने वह तीन लाख रुपये नकद हासिल करने में भी सफल रही। फिर प्रियंका का मोबाइल नम्बर स्विच ऑफ हो गया। कई बार प्रयास करने के बाद मनोज ने प्रियंका की मौसी और मौसेरे भाई का नम्बर मिलाया। वह भी बंद मिला।
मनोज को समझ में आ गया कि उसके साथ छल हो चुका है। शक के आधार पर उसने  कोटक महिंद्रा बैंक खाते की डिटेल चेक किए तो जमा सारी रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। मनोज मामले को लेकर हजरतगंज कोतवाली पहुंचा और प्रियंका और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।