ऑटो क्लस्टर से चलेगा स्मार्ट सिटी का कामकाज

 
पिंपरी : समाचार ऑनलाईन –  केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना में शामिल पिंपरी चिंचवड़ स्मार्ट सिटी कंपनी का कामकाज अब चिंचवड़ में ऑटो क्लस्टर की दूसरी मंजिल पर संचालित होगा। यहाँ 1032 वर्ग फीट जगह फर्नीचर के साथ तीन सालों के लिए किराए से ली गई है। इसका किराया चार लाख 40 हजार 635 रुपए प्रति माह तय किया गया है। स्मार्ट सिटी कंपनी के निदेशक मंडल की हालिया संपन्न हुई बैठक में किराए का अनुबंध करने के अधिकार स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा मनपा आयुक्त श्रावण हर्डीकर को बहाल करने का फैसला किया गया।
स्मार्ट सिटी योजना में शामिल नवी मुंबई के योजना से बाहर होने के बाद योजना के तीसरे चरण में पिंपरी चिंचवड़ का समावेश उसकी जगह किया गया। दिसंबर 2016 में इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इसके बाद 13 जुलाई 2018 को इस योजना के कार्यन्वयन के लिए एसपीवी यानी स्पेशल पर्पज वेइकल कंपनी की स्थापना की गई। इस योजना के तहत कई टेंडर मंजूर किये गए कई काम भी शुरू किए गए हैं। अब तक इस कंपनी का कामकाज मनपा मुख्यालय की तीसरी मंजिल पर सूचना व तकनीकी विभाग में रहे छोटे से दफ्तर से चलता रहा।
मनपा मुख्यालय में स्मार्ट सिटी का दफ्तर छोटा रहने से इसके कामकाज में दिक्कतें आ रही थी। इसके चलते अलग दफ्तर के लिए जगह खोजी जा रही थी। इसके लिए पांच से छह इमारतों का निरीक्षण किया गया, मगर कंपनी के निदेशकों को इसमें से कोई भी जगह पसंद नहीं आयी। नतीजन चिंचवड़ स्थित ऑटो क्लस्टर की इमारत में दफ्तर ढूंढा गया। निदेशक मंडल के निरीक्षण के बाद यहां की तीसरी मंजिल पर फर्नीचर समेत 1032 वर्ग फीट का दफ्तर पसंद किया गया। इसे तीन साल के लिए किराए पर लिया गया है। यहां कॉन्फरन्स हॉल, मीटिंग रूम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी के लिए केबिन और निदेशक मंडल के लिए अलग दालान और अन्य अधिकारी व कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी।