संविधान भवन बनाने के लिए प्राधिकरण हमें जमीन दे : महेश लांडगे

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – देश का पहला संविधान भवन औद्योगिक नगरी में बनाने के लिए पिंपरी-चिंचवड़ नवनगर विकास प्राधिकरण से प्लॉट उपलब्ध कराने की मांग विधायक महेश लांडगे ने की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस संविधान भवन बनाने को लेकर सकरात्मक है।

संविधान दिवस के अवसर पर विधायक महेश लांडगे ने नगरसेवकों के जन प्रतिनिधि मंडल के साथ सोमवार को प्राधिकरण के अध्यक्ष सदाशिव खाड़े से मुलाकात कर संविधान भवन के लिए प्लॉट देने की मांग की। इस दौरान महापौर राहुल जाधव व नगरसेवक विकास डोलस आदि उपस्थित थे। इस मसले को लेकर विधायक महेश लांडगे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी।महेश लांडगे ने बताया कि संविधान भवन बनाने को लेकर मुख्यमंत्री सकारात्मक हैं।

महेश लांडगे ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। विभिन्न धर्म, जाति, पंथ होने के बावजूद संविधान ने सभी को एकसूत्र में बांध रखा है।संविधान के संबंध में हर भारतीय को जानना जरूरी है। इसलिए भारत के पहले संविधान भवन का निर्माण हो। इसके लिए पिंपरी-चिंचवड़ नवनगर विकास प्राधिकरण प्लॉट दे।शहर के सेंटर में संविधान भवन बनने से संविधान को लेकर जागरुकता फैलाने में मदद मिलेगी।पिंपरी-चिंचवड़ प्राधिकरण के पास बड़े पैमाने पर खाली प्लॉट हैं। प्राधिकरण का खाली प्लॉट देश का पहला संविधान भवन बनाने के लिए दिया जाए।
नगरसेवक विकास डोलस ने कहा कि भारत के हर नागरिकों तक संविधान पहुंचना आवश्यक है। संविधान को जनसामान्य तक पहुंचाने लिए अगर संविधान भवन जैसी वास्तु तैयार होगी तो यह राष्ट्रीय एकता का बड़ा सम्मान होगा। संविधान के नैतिक मूल्यों को समाज में फैलाने के लिए इसका बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जाएगा।

संविधान भवन की विशेषताएं
संविधान भवन में अध्ययन केंद्र होगा। इसमें संविधान पर विशेषज्ञों की क्लासेस व कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके अलावा अन्य राष्ट्रों का संविधान तुलनात्मक अध्ययन के लिए उपलब्ध होगा। ई-लाइब्रेरी, संविधान के विषय में विभिन्न पेंटिंग हॉल, यूपीएससी, एमपीएससी अध्ययन केंद्र व क्लासेस शुरू किए जाएंगे।