लाइसेंसी असलहे की पॉजिटिव रिपोर्ट के लिए मांगे 2 लाख

पुलिस उपायुक्त के नाम पर पैसे माँगनेवाला पुलिसकर्मी निलंबित
पिंपरी। लाइसेंसी असलहे की अर्जी पर पॉजिटिव रिपोर्ट देने के लिए पुलिस उपायुक्त के नाम पर दो लाख रुपए की मांग किये जाने की जानकारी सामने आयी है। पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने इस मामले में एक पुलिसकर्मी को तत्काल निलंबित कर जांच के आदेश दिये हैं। सुभाष विलास बहिरट ऐसा निलंबित किये गए पुलिसकर्मी का नाम है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुभाष बहिरट बतौर पुलिस नाइक निगड़ी पुलिस थाने में तैनात है। फिलहाल उसे प्रतिनियुक्ति पर परिमंडल एक के पुलिस उपायुक्त कार्यालय में नियुक्त किया गया है। उसके पास पुलिस उपायुक्त कार्यालय में तड़ीपार के प्रस्ताव और लाइसेंसी असलहे जारी करने के कामकाज के कागजात की पूर्तता की जिम्मेदारी है।
चिंचवड़ के एक व्यक्ति ने लाइसेंसी असलहा हासिल करने के लिए पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आवेदन दिया है। पुलिस नाइक बहिरट ने आवेदक को तीन बार फोन किया और पुलिस उपायुक्त के नाम पर 2 लाख रुपये की मांग की। ये पैसे उसने पुलिस उपायुक्त से लाइसेंस के लिए पॉजिटिव रिपोर्ट देने के लिए मांगे थे। इस बारे में पुलिस आयुक्त से शिकायत की गई।
पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने नाइक बहिरट को नैतिक पतन,भ्रष्टाचार के लिए उकसाने, पुलिस प्रशासन की छवि को धूमिल करने और अभद्र व्यवहार के आरोप में तत्काल निलंबित कर दिया। इस बारे में परिमंडल एक के पुलिस उपायुक्त मंचर इप्पर ने कहा, इस मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर की जा रही है। उस जांच के बाद ही हकीकत सामने आ सकेगी।