नांदेड़ जिला बैंक पर अशोक चव्हाण का वर्चस्व कायम, भाजपा को किया चारों खाने चित

नांदेड़ : नांदेड जिला मध्यवर्ती बैंक के चुनाव में सार्वजनिक निर्माण कार्य मंत्री अशोक चव्हाण ने भाजपा के सांसद प्रताप पाटिल चिखलीकर को पराजित किया है। इस चुनाव में ‘मविआ’का पैटर्न सफल सबित हुआ। कांग्रेस को शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस का साथ मिलने से नांदेड़ जिला बैंक पर महाविकास आघाडी का झंडा फहराया।

नांदेड जिला मध्यवर्ती बैंक के चुनाव में महाविकास आघाडी ने 21 सीटों में से 17 सीटों पर विजय प्राप्त की है। इसमें कांग्रेस को 13 राष्ट्रवादी को 3 और शिवसेना को 1 सीट मिली है।

यह चुनाव अशोक चव्हाण और सांसद प्रताप पाटिल चिखलीकर के प्रतिष्ठा की लड़ाई थी। हालांकि चुनाव में ‘मविआ’का पैटर्न सफल साबित हुआ। चुनाव में भाजपा सिर्फ 4 सीटो पर ही जीत हासिल कर पाई।

जिला बैंक के पिछले चुनाव में भाजपा और राष्ट्रवादी का गठबंधन हुआ था। राष्ट्रवादी के एक ग्रुप ने भाजपा का साथ देते हुए जिला बैंक पर कब्जा किया था। इसलिए अशोक चव्हाण के वर्चस्व को झटका लगा था। हालांकि इस बार चव्हाण ने कांग्रेस, राष्ट्रवादी और शिवसेना को एक धागे में पिरोकर महागठबंधन आघाडी बनाया और प्रताप पाटिल चिखलीकर को मात दी।