करारी हार के बाद अशोक चव्हाण और खड़गे की ताकत कम होगी

मुंबई : समाचार ऑनलाईन – लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार से सकते में आई कांग्रेस अब धीरे-धीरे उबरने लगी है।सूत्र बताते हैं कि 48 सांसदों वाले महाराष्ट्र में कांग्रेस की मिली करारी शिकस्त को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण और राज्य के प्रभारी महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे से खफा है।लिहाजा इन दोनों की छुट्टी होने के पूरे आसार हैं।पार्टी के एक नेता ने बताया कि महाराष्ट्र में तीन माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश संगठन में जल्द ही बड़ी सर्जरी होेगी।इसके तहत अशोक चव्हाण की जगह नया प्रदेश अध्यक्ष तो नियुक्त होगा ही, साथ ही मल्लिकार्जुन खड़गे से राज्य का प्रभार लेकर किसी दूसरे पदाधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

महीने के अंत तक फैसले की उम्मीद 
इस महीने के अंत तक इस पर फैसला होने की उम्मीद है।बता दें कि महाराष्ट्र में इस बार कांग्रेस को सिर्फ एक सीट (चंद्रपुर) मिली है।यहां तक कि प्रदेश अध्यक्ष चव्हाण भी अपनी सीट हार गए हैं।उधर प्रभारी महासचिव खड़गे भी न तो महाराष्ट्र में अपना संगठनात्मक कौशल दिखा पाए और न ही कर्नाटक में अपनी सीट बचा पाए।बुधवार को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति भंग कर दी गई है।माना जा रहा है कि चुनाव वाले राज्यों महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में भी जल्द ही मौजूदा प्रदेश अध्यक्षों की जगह नए चेहरों को कमान सौंपी जाएगी।हालांकि राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के तमाम आग्रह के बावजूद अब तक अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा वापस नहीं लिया है।लेकिन सूत्र बताते हैं कि आखिरकार राहुल गांधी संगठन की कमान संभाले रखेंगे।कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी।वेणुगोपाल ने यहां बयान जारी कर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति को भंग किए जाने की घोषणा की है।जानकारी के मुताबिक आम चुनाव में कर्नाटक में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के मद्देनजर यह फैसला हुआ है।