महिलाओं को अश्लील मेसेज व वीडियो भेजनेवाला गिरफ्तार

संवाददाता, पिंपरी। दुकान में चार्जिंग के लिए रखे गए मजदूरों के मोबाइल फोन नँबरों से दुकान में आनेवाली महिलाओं के नँबर हासिल कर उन्हें अश्लील वीडियो और मैसेज भेजनेवाले एक आरोपी को पिंपरी चिंचवड़ की वाकड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका नाम संपत राम (निवासी बाणेर, पुणे मूल निवासी जोधपुर, राजस्थान) है। वह बाणेर में चाय की दुकान चलाता है।
वाकड पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डॉ विवेक मुगलीकर से मिली जानकारी के अनुसार, वाकड निवासी एक महिला को दो अलग अलग व्हाट्सएप नँबरों से अश्लील मेसेज, वीडियो और वीडियो कॉलिंग की गई थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद उन्होंने डिटेक्शन ब्रांच (डीबी) को आरोपी की खोजबीन के आदेश दिए गए। इसके अनुसार पुलिस निरीक्षक (क्राइम) संतोष पाटील, सुनिल टोणपे, सहायक निरीक्षक एस. एम. पाटील आदि छानबीन में जुट गए।
जिन नँबरों से मेसेज मिले थे उसका तकनीकी विश्लेषण करने पर बाणेर का फोन लोकेशन मिला। उन मोबाइल नंबर धारकों से पूछताछ करने पर उनका मोबाइल किसी और ने इस्तेमाल किये जाने की बात सामने आई। ये सभी मजदूर थे और वहां एक चाय की दुकान पर अपना मोबाइल फोन चार्जिंग के लिए रखते थे। यह दुकान आरोपी संपत की है, वह यहां चार्जिंग के लिए रखे मजदूरों के मोबाइल नँबरों पर अपना व्हाट्सएप एक्टिवेट करता था। इसके बाद उस पर से महिलाओं को अश्लील मेसेज और वीडियो भेजते और अश्लील वीडियो कॉलिंग भी करता। उसने इस प्रकार से और भी महिलाओं को परेशान किया होगा। यह संभावना जताकर डॉ मुगलीकर ने वाकड पुलिस से संपर्क साधने की अपील की है।