लोकसभा में पिंपरी चिंचवड़ के बाढ़ की गूंज

पिंपरी। समाचार ऑनलाइन –  मूसलाधार बारिश से पिंपरी चिंचवड़ और पुणे में बाढ़ की विपदा आयी है। इसकी गूंज लोकसभा में भी सुनाई दी। मावल लोकसभा चुनाव क्षेत्र के सांसद श्रीरंग बारणे ने बाढ़ का मुद्दा उठाते हुए पवना और इंद्रायणी नदी सुधार योजना को मंजूरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, इस बाढ़ में लोगों का काफी नुकसान हुआ है। भविष्य में बाढ़ जैसी विपदा टालने के लिए नदी सुधार योजना बेहद जरूरी है।

लोकसभा में सांसद बारणे ने कहा कि, मावल तालुका में ज्यादा बारिश होती है। गत आठ दिन से यहां जोरदार बारिश हो रही है। इससे पिंपरी चिंचवड़ शहर से बहनेवाली इंद्रायणी और पवना नदियों में बाढ़ आई है। इस बाढ़ से नदी किनारे बसे गांव, झुग्गी बस्ती, सोसायटियों, अस्पतालों तक में जलजमाव होने से पूरा जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों को इस बाढ़ से काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार ने पिंपरी चिंचवड शहर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल किया है। नदी सुधार योजना में पवना और इंद्रायणी नदियों का समावेश किया जाना चाहिए। राज्य सरकार ने इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है, जिसे अब तक मंजूरी नहीं मिली है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने और नदी सुधार योजना के तहत इंद्रायणी और पवना नदियों का विकास हो सकेगा और भविष्य में बाढ़ जैसी आपदा से नदी किनारे रहनेवालों को काफी राहत मिल सकेगी।