एक और नया स्ट्रेन…इस बार ठिकाना जापान,  विशेषज्ञों ने कहा-यह और खरतनाक

टोकियो. ऑनलाइन टीम : कोरोना वायरस लगातार नए-नए रूप बदल रहा है। पहले के आक्रमण से ही दुनिया में त्राहि-माम मची थी कि दूसरे स्ट्रेन की धमक सुनाई दी। और अब जापान में तीसरे नए स्ट्रेन की पुष्टि। ऐसा लगा रहा है कि वायरस छद्म ल़ड़ाई लड़ रहा है। पौराणिक कहानियों में सुनी जाने वाली किरदारों की तरह कोरोना वायरस मायावी युद्ध लड़ रहा है। बेहद संक्रामक और खतरनाक होता जा रहा है।

दरअसल,  दो जनवरी को ब्राजील से जापान के हनेदा एयरपोर्ट पर कुछ लोग उतरे। सभी लोगों का एयरपोर्ट पर टेस्ट कराया गया, तो वे पॉजिटिव मिले।  विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि कोरोना वायरस का यह नया स्ट्रेन ब्रिटेन में मिले स्ट्रेन की तरह से ही बहुत ज्यादा संक्रामक है। कोरोना वायरस का यह नया स्ट्रेन अब तक नहीं देखा गया था और ब्राजील से लौटे इन 4 लोगों में इसे पाया गया है। इन्हें सांस लेने में दिक्कत, बुखार और गले में दिक्कत देखी गई है।

ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि जापान से उन्हें पता चला है कि कोरोना के नए स्ट्रेन में 12 म्यूटेशन हैं। इनमें एक म्यूटेशन, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका में पाए गए नए कोरोना वायरस जैसा ही है। इसकी वजह से संभव है कि जापानी स्ट्रेन भी अधिक संक्रामक हो। ब्राजील से ये यात्री दो जनवरी को टोक्यो एयरपोर्ट पर उतरे थे। इनमें से एक यात्री को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। एक महिला यात्री के सिर और गले में तेज दर्द था। तीसरे यात्री को बुखार था। चार लोगों में सिर्फ एक में कोई लक्षण नहीं था। सभी यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही क्वारंटीन कर दिया गया है। गुरुवार से ही टोक्यो और आसपास के प्रांत में आपातकाल लगा दिया गया है।

देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को कोरोना के इस नए स्ट्रेन के बारे में जानकारी दे दी है।  सरकार ने लोगों को नए वायरस की चेतावनी पहले ही दी थी जो पुराने स्ट्रेन के मुकाबले 70% ज्यादा संक्रामक है। और अब चेतावनी की यह नई कड़ी है। यह स्ट्रेन उससे भी कहीं ज्यादा खतरनाक है। अभी तक उपलब्ध सूचना के मुताबिक जापान में मिला कोरोना का यह नया स्ट्रेन अभी विकसित हो रहा है और इस वजह से वह कितना संक्रामक है, इसका पता नहीं चल पाया है। अभी तक यह भी पता नहीं चल पाया कि पूरी दुनिया में जो वैक्सीन लगाई जा रही हैं, वे इस नए स्ट्रेन के खिलाफ कारगर होंगी या नहीं। जापान में हाल में प्रतिदिन 7 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। अब तक देश में 3900 लोगों की मौत हो गई है। जापान ने तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए आपात स्थिति की घोषणा की है।