पिंपरी कैम्प में फिर एक बड़ी वारदात होते होते बची

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – नए- नए विवादों से घिरे रहनेवाले पिंपरी कैम्प में बुधवार की रात फिर एक बड़ी वारदात होते- होते बची। दोपहिया पर सवार होकर आए तीन लूटेरों ने पिस्तौल और चाकू से धमकाकर एक वाइन शॉप मालिक से लूटपाट करने की कोशिश की। हालांकि वाइन शॉप मालिक और उसके कर्मचारियों ने साहस जुटाकर एक लुटेरे को दबोच लिया। इससे घबराकर उसके अन्य दोनों साथी मौके से भाग निकले। पिंपरी पुलिस ने उस लुटेरे को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
संदीप श्रीपती ढवले (33, निवासी हुंडारे बस्ती, पिंपरी बुद्रुक, खेड, पुणे) ऐसे गिरफ्तार किये गए आरोपी का नाम है। पुलिस उसके किरण जाधव और अन्य एक साथी की तलाश में जुटी है। उनके खिलाफ विशाल घनश्‍याम सोमानी (40, निवासी कोकणे चौक, रहाटणी, पुणे) ने पिंपरी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक सोमानी का चाकण में वाइन शॉप है। तीनों लूटेरे चाकण से उनका पीछा करते हुए पिंपरी तक आए थे। यहां उन्होंने मौका साधकर सोमानी को पिस्तौल और चाकू से धमकाया और उनके पास की साढ़े तीन लाख रुपए की नकदी और उनके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। हालांकि उनका पूरा प्लान फेल हो गया।
इस मामले की छानबीन में जुटे पिंपरी पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक ज्ञानोबा निकम ने इस वारदात के बारे में बताया कि, बीती रात विशाल सोमानी चाकण स्थित अपना वाइन शॉप बन्द कर अपने कर्मचारियों के साथ घर लौट रहे थे। वहीं से दो दोपहिया पर से तीनों लुटेरे उनका पीछा कर रहे थे। पिंपरी कैम्प में अशोक थियेटर के पास पहुंचने के बाद लूटेरों ने मौका साधा और सोमानी को रोककर उन्हें पिस्तौल और चाकू दिखाकर धमकाया। उनके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। उनके पास दूकान की साढ़े तीन लाख रुपए नकदी भी थी। सोमानी और उनके कर्मचारियों ने हिम्मत जुटाकर संदीप ढवले को पकड़ लिया। इससे घबराकर उसके दोनों साथी मौके से भाग निकले। सोमानी ने सन्दीप को पिंपरी पुलिस के हवाले कर दिया। बहरहाल इस वारदात से पूरे पिंपरी कैम्प के व्यापारी खौफजदा हैं।