मुंबई के अनुभव को परखने के बाद जनमत से होगा पुणे में नाईट लाइफ का विचार

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – मुंबई में नाईट लाइफ संबन्धी फैसले की घोषणा के बाद शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पुणे के पिंपरी चिंचवड शहर में पधारे राज्य के पर्यावरण मंत्री एवं युवा सेना के मुखिया आदित्य ठाकरे ने एक सवाल के जवाब में कहा कि, अगर सही प्रस्ताव मिलता है तो मुंबई की भांति पुणे में भी नाईट लाइफ को बढ़ावा देने का विचार किया जा सकता है। हालांकि उपमुख्यमंत्री और पुणे जिले के पालकमंत्री अजीत पवार ने रविवार को इस विषय पर संयमी भूमिका अपनाई। उन्होंने कहा कि ये पुणे है और हम पुणेकर। यहां के लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं की राय अलग हो सकती है। मुंबई में नाईट लाइफ शुरू करने की वजहें अलग हैं। वहां क्या अनुभव मिलता है, उसे ध्यान में लेकर पुणेकरों से जनमत जानने के बाद इस तरह का विचार किया जा सकता है।
कुल मिलाकर पुणे में नाइट लाइफ को लेकर जहां महाराष्ट्र के युवा मंत्री आदित्य ठाकरे उत्साहित नजर आए वहीं उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ‘थोड़ा ठहरो’ की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके बयान से साफ होता है कि वे इस मसले पर जल्दबाजी नहीं करना चाहते। मुंबई में क्या अनुभव मिलता है, उसके मद्देनजर पुणेकरों की राय जानने के बाद इसका विचार करने की भूमिका अपनाने के साथ पवार ने यह भी कहा कि तब तक पुणे के लिए ऐसे कई बड़े काम और फैसलों की जरूरत है जो जरूरी और लंबित है। यानी उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनकी प्राथमिकताएं और हैं नाईट लाइफ वगैरे नहीं। हालांकि उन्होंने मीडिया से की गई बातचीत में जोर देते हुए कहा कि, मैंने पुणे में नाईट लाइफ के बारे में हां और ना दोनों भी नहीं की है।
गत दिन पिंपरी चिंचवड़ में आयोजित के एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, मुंबई में रातभर लोगों का आना जाना जारी रहता है। काम और यात्रा के बाद देर रात घर वापस आने वाले बहुत सारे लोगों को जरूरत के सामानों की खरीदारी करनी होती है।भूख लगी होती है, उन्हें भोजन सहज उपलब्ध हो, इस उद्देश्य से रात में भी शॉपिंग मॉल, दुकानें, होटल खुले  रहना जरुरी है। इससे लोगो की दिक्कतों को दूर होने के साथ सरकार का राजस्व बढ़ेगा। पुणे में भी कामगार, मेहनतकश बड़ी संख्या में है। उन्हें भी यह सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। अगर प्रस्ताव मिलता है तो मुंबई की भांति यहां भी इस तरह का सकारात्मक फैसला किया जा सकता है।