वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय पांडे को सौंपा गया पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त पदभार; मिला आंशिक न्याय

मुंबई : पिछले कई वर्षों से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बदली में नजरअंदाज किए गए और राज्य के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय पांडे को आखिरकार आंशिक न्याय मिल ही गया। उन्हें पुलिस महानिदेशक पद का अतिरिक्त पदभार दिया गया है।

संजय पांडे वर्तमान में सड़क सुरक्षा महामंडल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पुलिस महानिदेशक हेमंत नागराले को मुंबई पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। तब से महानिदेशक के पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी एंटी करप्शन ब्यूरो के महानिदेशक रजनीश शेठ संभाल रहे थे। इस पर संजय पांडे ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

संजय पांडे 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में राज्य के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। इसके बावजूद  उन्हें लगातार महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त करने से दरकिनार किया गया। इसलिए वे कई वर्षों तक केंद्रीय सेवा में रहे। मुंबई पुलिस आयुक्त के पद पर परमबीर सिंह का चयन करते समय भी उन्हें नजरअंदाज किया गया था। साथ ही एंटी करप्शन ब्यूरो के महासंचालक पद के लिए भी उनके नाम पर विचार नहीं किया गया। इसलिए उन्होने मुख्यमंत्री ठाकरे के पास पत्र भेज कर नाराजगी व्यक्त की और छुट्टी पर चले गए थे।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आंशिक रूप से उनकी नाराजगी दूर की। पुलिस महानिदेशक पद पर पूरी तरह से नियुक्त न कर उन्हें अगले आदेश तक अतिरिक्त पदभार सौंपा गया है।