‘आप’ ने किया पिंपरी चिंचवड़ मनपा चुनाव में उतरने का आगाज़

पिंपरी। सँवाददाता – दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली अपार सफलता से हौसले बुलंद आम आदमी पार्टी (आप) ने अब पिंपरी चिंचवड़ मनपा के आम चुनाव के मैदान में उतरने का आगाज़ किया है। बुधवार को एक सँवाददाता सम्मेलन में इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। शहर की सियासत और सत्ता विशिष्ट घरानों तक ही सीमित है। प्रस्थापित पार्टियों की भ्रष्ट व्यवस्था अब आम जनता को नहीं चाहिए। मनपा में मिलजुलकर कमीशन की राजनीति शुरू है। इस राजनीति को खत्म करने के लिए आम आदमी पार्टी फरवरी 2022 में होनेवाले आम चुनाव में हिस्सा लेगी। शहर में जारी पानी कटौती पर ‘आप’ की ओर से पिंपरी चिंचवड़ मनपा प्रशासन से जलापूर्ति पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की गई है।
पार्टी के पुणे शहराध्यक्ष मुकुंद किर्दत ने कहा कि, दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद से देश की सियासत बदल गई है। लोग काम करने वालों को वोट देते हैं यह साबित हो गया है। ‘आप’ ने अपने कामों के बूते वोट मांगें और दिल्ली जीती। दिल्लीवासियों ने सबसे शक्तिशाली भाजपा को धूल चटाई है। उसने ध्रुवीकरण की राजनीति की कोशिश की मगर जनता उसके भुलावे में नहीं आयी और काम करनेवालों के साथ रही। दिल्ली में हुए हिंसाचार के पीछे अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा ही है, यह आरोप भी उन्होंने लगाया। इस सँवाददाता सम्मेलन में पार्टी के पुणे शहराध्यक्ष मुकुंद किर्दत, संगठन मंत्री डॉ. अभिजीत मोरे, पिंपरी चिंचवड़ के नवनिर्वाचित शहराध्यक्ष अनुप शर्मा, सचिव राघवेंद्र राव उपस्थित थे।
आम आदमी पार्टी को महाराष्ट्र में बड़ा समर्थन मिल रहा है। पिंपरी चिंचवड़ शहर में भी यही समर्थन मिल रहा है, जल्द ही यहां बड़ा संगठन बनेगा। शहर में अब तक केवल ‘गांववाला’ और रिश्तेदारी की सियासत चल रही है। मनपा शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं दी नहीं पा रही है। यहां तक कि लोगों की प्यास तक बुझाने में नाकाम है। अब जनता को किसी पार्टी का झंडा नहीं बल्कि एजेंडा चाहिए। शहर में आम आदमी पार्टी स्वराज्य मॉडल सामने रखकर काम करेगी। मनपा के 32 प्रभागों के नागरिकों से समस्याओं की लिस्ट बनाकर स्थानीय नगरसेवकों को भेजी जाएगी। उसे ऑनलाईन भी अपलोड किया जाएगा और हर माह नगरसेवकों को उनके प्रभागों की समस्याओं को याद दिलाया जाएगा। इसके अनुसार लोगों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा, यह जानकारी पार्टी के प्रवक्ता कपिल मोरे ने दी।