विदाई के वक्त रोते-रोते दुल्हन को आया हार्ट अटैक, उठी अर्थी 

भुवनेश्वर. ऑनलाइन टीम : ख्वाहिशें सभी के दिल में होती हैं। खासकर शादी से पहले चाहे वो लड़का हो या लड़की हर किसी के दिल में कुछ इच्छाएं होती हैं। नई जिंदगी, नया घर पर सब अपना। यह फलसफा है, मगर बाजदफा कुछ और ही हो जाता है। विदाई के दौरान लड़की दुनिया से विदा हो जाए, वह भी रोने के चलते, ऐसी अनहोनी इस गांव में पहली बार हुई। ओडिशा की इस दर्दनाक घटना की चर्चा तेज है।

घटना सोनेपुर जिले की है।  गुप्तेश्वरी साहू उर्फ रोजी की शादी शुक्रवार को बालांगीर के रहने वाले बिसिकिसन से हुई।  विदाई की तैयारी हो रही थी और वह लगातार रए जा रही थी। फूट-फूटकर रोने के दौरान वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।  परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह खड़ी ही नहीं हो पा रही थी। शून्य मुद्रा में पड़ी रही। जब उसे उठने के सभी प्रयास विफल हो गए तो उसे तुरंत दुंगुरीपली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद लड़की के शव को परिवार को सौंप दिया गया।

रिश्तेदारों में से एक जुलुंडा गांव के एक निवासी ने कहा कि रोजी के पिता कुछ समय पहले ही चल बसे थे, जिसके बाद से ही वह काफी तनाव में रहती थी। रोजी के मामला और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर उसकी शादी का आयोजन किया था। लोगों ने सोचा था एक घर बसाकर उन्होंने बड़ा उपकार किया है, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। उत्सव का माहौल शोक में बदल गया। डोली उठने की जगह अर्थी उठाने वाले भी रो पड़े।