पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार; 3 मृत, 2 घायल

पुणे। सँवाददाता – अनियंत्रित तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से हुए भीषण हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को इलाज के लिए माणगांव उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीती रात दो बजे पुणे- माणगांव महामार्ग पर ताम्हिणी घाट में कोंडेसर गांव के पास यह हादसा हुआ।
हादसे में मारे गए लोगों में निखिल गुले, चंद्रकांत निकम, विक्रम सिंग का समावेश है। घायलों में शामिल विजय पाटील, सुनील टेलंगे की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक ये सभी एक कार में सवार होकर घूमने के लिए दिवे आगार जा रहे थे। रात डेढ़ से दो बजे के बीच तेज रफ्तार के चलते चालक ने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार जाकर एक पेड़ से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन लोगों ने जगह पर ही दम तोड़ दिया।